17 सितंबर से भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, जनभागीदारी पर जोर
भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाले इस अभियान में सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम होंगे। पार्टी कार्यकर्ता बूथ से प्रदेश स्तर तक जनभागीदारी बढ़ाएंगे और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे। अभियान में चित्रकला, शिविर, यात्राएं, सम्मान और संवाद कार्यक्रम होंगे।
- सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से अभियान की शुरुआत होगी।
- जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर रहेगा जोर।
BJP’s ‘Seva Sankalp Abhiyan’ from September 17 : भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राजस्थान सहित देशभर में एक महीने का सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसके जरिए सेवा, सुशासन तथा जनकल्याण से जुड़े कार्यों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को जनता के बीच ले जाने के उद्देश्य से यह अभियान तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल को देश और दुनिया में पहचान दिलाने के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की प्रतिष्ठा को भी मजबूत किया है। उनके जन्मदिन से शुरू होने वाला यह अभियान केवल सेवा पखवाड़े तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन बचपन से ही सेवा, साहस, दृढ़ निश्चय और राष्ट्रभक्ति से जुड़ा रहा है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए संगठन से लेकर सरकार और प्रदेश स्तर से बूथ तक कार्यकर्ता अभियान में शामिल होंगे। मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता अलग-अलग सेवा प्रकल्पों के माध्यम से आम लोगों से जुड़ेंगे।
यह भी पढ़ें ; टेस्ट कोचिंग पर हेसन ने दिया बड़ा संकेत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश को सेवा, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित किए हैं। प्रधानमंत्री अपना जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाते हैं, इसलिए भाजपा इस बार सेवा संकल्प अभियान के जरिए उनके जनसेवा के विचार को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं को उन लोगों तक पहुंचाना है, जो इनके लाभ के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान से विशेष जुड़ाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी मोदी ने राजस्थान के लिए नर्मदा जल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसी भावना के साथ राजस्थान में उनके जन्मदिन को व्यापक स्तर पर सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। शाम 7 बजे दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके बाद ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ जैसे कार्यक्रम होंगे।
‘मेरे सपनों का भारत’ के तहत स्कूली विद्यार्थियों के लिए विकसित भारत संकल्प और 25 वर्षों की सेवा पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से गांव-गांव नुक्कड़ नाटकों का आयोजन कर सरकारी योजनाओं से हुए बदलावों की जानकारी दी जाएगी। ‘आंगन मिलन सेवा’ में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों को सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; ब्रिक्स से अब दुनिया को नतीजों की उम्मीद: मोदी
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सामने लाया जाएगा। वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के जरिए विकसित भारत के संकल्प का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ में प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक जीवन यात्रा और देश की सांस्कृतिक एकता को केंद्र में रखा जाएगा। विभिन्न टोलियां वडनगर से वाराणसी तक यात्रा करेंगी और रास्ते में जल कलश के माध्यम से शिव अभिषेक भी किया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले सेवा कार्य किए जाएंगे और उनके परिणामों को भी सामने रखा जाएगा। ‘सेवा सेतु अभियान’ में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन और लाभ लेने की प्रक्रिया में पात्र लोगों की मदद की जाएगी।
‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ में रंगोली, लोककला और अन्य रचनात्मक माध्यमों से जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और नवाचारकर्ताओं को जनसेवा से जुड़े नए विचारों के लिए मंच दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान टूरिज्म को देशभर में मिला नया मंच
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अभियान का समापन ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। उन्होंने इसे केवल सरकारी योजनाओं या पार्टी कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने की बात कही। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के सेवा संकल्प से प्रेरणा लेकर राजस्थान में भी सेवा, सुशासन और विकास की दिशा में नए प्रयासों को गति दी जाएगी।



