मोदी के 25 साल, अब जन-जन तक पहुंचेगी गाथा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा राजस्थान में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ चलाएगी। अभियान के जरिए मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। प्रदेश से बूथ स्तर तक 13 प्रकल्पों के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और नई पीढ़ी भी जोड़ी जाएगी।

  • मोदी के 25 साल के सेवाकाल की गाथा जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा।
  • सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।
  • जन-जन तक पहुंचेंगे 13 प्रकल्पों के जरिए सेवा और विकास कार्य।

Modi’s 25 years : The saga will now reach every citizen :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर राजस्थान भाजपा एक महीने तक व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ चलाएगी। 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े कार्यों को विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है।

मोदी के 25 साल, अब जन-जन तक पहुंचेगी गाथा
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित कार्यशाला में अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा हुई। प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की टोलियां बनाकर कार्यक्रमों को जमीन पर उतारने की रणनीति तैयार की गई।

13 प्रकल्पों के जरिए चलेगा अभियान

अभियान की क्षेत्रीय प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार ने बताया कि इसके तहत कुल 13 प्रकल्पों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘सपनों का भारत—सेवा चित्र’, ‘नमो सेवा गाथा—सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’, ‘जन सेवा महाकुंभ’, ‘रक्तदान महादान’ और ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ शामिल हैं।

मोदी के 25 साल, अब जन-जन तक पहुंचेगी गाथा
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

इन आयोजनों के जरिए पार्टी प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों, केंद्र सरकार की योजनाओं और जनकल्याण से जुड़े बदलावों को आम लोगों के बीच ले जाएगी।

लाभार्थियों के घर जलेंगे दीप

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों के घरों में दीप जलाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान टूरिज्म को देशभर में मिला नया मंच

वहीं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक होंगे, जबकि ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम और अभिनंदन किया जाएगा। ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलावों को सार्वजनिक मंचों पर प्रस्तुत किया जाएगा।

वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा

‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ भी अभियान का प्रमुख आकर्षण होगी। इसके तहत पवित्र नदियों के जल से हाटकेश्वर महादेव और काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। अन्य कार्यक्रमों में भी प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को लोगों के बीच पहुंचाने पर जोर रहेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यशाला में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हुए गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में व्यापक बदलाव देखने को मिला है और इन उपलब्धियों को नई पीढ़ी तथा आमजन तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अभियान में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल और उल्लेखनीय कार्यों को प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से सामने रखा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने बताया कि अभियान के लिए प्रदेश से बूथ स्तर तक अलग-अलग टोलियां बनाई जाएंगी। मंत्रियों, संगठन पदाधिकारियों और संबंधित जिलों के सदस्यों को कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

यह भी पढ़ें ; जयपुर में गूंजा प्रकाश गुरपुरब का उल्लास

उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और दिया कुमारी सहित कैबिनेट मंत्रियों मदन दिलावर, जोगाराम कुमावत, मंजू बाघमार, सुमित गोदारा, संजय शर्मा, सुरेश रावत, अविनाश गहलोत, गौतम दक और हेमंत मीणा समेत प्रदेश पदाधिकारियों को भी अलग-अलग दायित्व दिए गए हैं।

कार्यशाला में मध्यप्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, सांसद और ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के राष्ट्रीय प्रभारी वी.डी. शर्मा भी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा की उपस्थिति में हुए कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने किया। प्रदेश संयोजक एवं महामंत्री कैलाश मेघवाल ने प्रस्तावना रखी, जबकि महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button