ब्रह्माकुमारी संस्थान के 90 साल: सेवा, शांति और विकसित भारत का संकल्प

आबूरोड में ब्रह्माकुमारी संस्थान के 90वें स्थापना दिवस पर आयोजित ग्लोबल समिट में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सेवा, महिला नेतृत्व, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना जनभागीदारी से पूरा होगा। राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

  • ब्रह्माकुमारी संस्थान के 90वें स्थापना दिवस पर सेवा और विश्व शांति का संदेश।
  • नितिन नवीन ने ‘वुमन-लेड डवलपमेंट’ और नशामुक्त युवा अभियान पर दिया जोर।
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और आबूराज की कनेक्टिविटी को लेकर सरकार की योजनाएं बताईं।

Brahma Kumaris Marks 90 Years with a Message of Service and World Peace : सेवा को केवल आयोजन तक सीमित रखने के बजाय जीवन का स्वभाव बनाना चाहिए। समाज और राष्ट्र के विकास के लिए ‘मैं’ से ऊपर उठकर ‘हम’ की भावना के साथ काम करना जरूरी है। राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान के 90वें स्थापना दिवस पर आयोजित नवदशकोत्सव एवं ग्लोबल समिट में यह बात कही।

ब्रह्माकुमारी संस्थान के 90 साल: सेवा, शांति और विकसित भारत का संकल्प
Image Source : Via dainik jaltedeep

नितिन नवीन ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान की 90 वर्षों की यात्रा सेवा, साधना, शांति और विश्व बंधुत्व का प्रेरक उदाहरण है। संस्थान की थीम ‘जागृति से कर्म तक’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विचारों की सार्थकता तभी है, जब उन्हें व्यवहार में उतारकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जाए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वुमन-लेड डवलपमेंट’ विजन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाओं का नेतृत्व समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्ति अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की जरूरत भी बताई।

यह भी पढे : राजस्थान में पशुपालन को मिलेगी डिजिटल रफ्तार, राज्यपाल ने बताई बड़ी जरूरत

2047 तक विकसित भारत बनाने का आह्वान

नितिन नवीन ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का साझा संकल्प होना चाहिए। उन्होंने मूल्य शिक्षा को युवाओं तक पहुंचाने, सेवा भावना को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने संस्थान के 90वें स्थापना वर्ष में 90 लाख पौधे लगाने, एक लाख से अधिक रक्तदान करने और 90 प्रमुख शहरों में आध्यात्मिक सभाएं आयोजित करने जैसे संकल्पों का भी उल्लेख किया।

योग और भारतीय संस्कृति को मिली वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। ब्रह्माकुमारी संस्थान राजयोग के जरिए विश्व शांति और कल्याण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने जी-20 के माध्यम से दुनिया को ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आध्यात्मिक विकास के साथ प्रकृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी काम कर रही है। देवालयों, संतों और लोक देवताओं से जुड़े तीर्थस्थलों का विकास किया जा रहा है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेश में 29 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। खेजड़ी समेत 29 वृक्षों के संरक्षण के लिए विधेयक लाने और गोवंश व गोपालकों के कल्याण के प्रयासों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

यह भी पढे : Festive Shopping Alert: सस्ते ऑफर के चक्कर में खाली न हो जाए बैंक खाता

आबूराज में एयर स्ट्रिप विकसित करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आबूराज क्षेत्र में एयर स्ट्रिप के विकास को लेकर केंद्र सरकार से समन्वय किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ पर्यटन और अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने शांति वन में मेडिटेशन कर लोक कल्याण की कामना की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, ब्रह्माकुमारी संस्थान की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी मोहिनी दीदी, अतिरिक्त महासचिव राजयोगी डॉ. बी.के. मृत्युंजय सहित देश-विदेश से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button