बीएसएनएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह, कर्मचारियों को दिलाई ईमानदारी की शपथ

बीएसएनएल राजस्थान परिमंडल की ओर से 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाने के साथ भ्रष्टाचार रोकने के उपायों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम पंचायतों में भी लोगों को ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश दिया गया। -

  • बीएसएनएल राजस्थान में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का सफलतापूर्वक समापन।
  • मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय ने दिलाई अधिकारियों व कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ।
  • कर्मचारियों को ईमानदारी का मंत्र देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं व ग्राम सभाएं आयोजित।

Vigilance Awareness Week at BSNL : सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और ईमानदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीएसएनएल राजस्थान परिमंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 मनाया गया। भारत सरकार के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह की शुरुआत राजस्थान परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय ने की।

कार्यक्रम के पहले दिन मालवीय ने परिमंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कार्यस्थल पर ईमानदारी, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने के महत्व पर जोर दिया।

प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिताओं से दिया संदेश

सप्ताह के दौरान बीएसएनएल राजस्थान की सतर्कता शाखा ने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं। इनमें ‘बीएसएनएल सीडीए नियमों’ पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और ‘दूरसंचार क्षेत्र में सुशासन के प्रभावी साधन के रूप में निवारक सतर्कता’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता शामिल रही।

यह भी पढ़ें ; अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा तंज : ‘असली में नहीं, मॉक पार्लियामेंट में ही पीएम बन सकते हैं राहुल

इन आयोजनों का उद्देश्य कर्मचारियों को विभागीय नियमों, कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार रोकने के उपायों के प्रति जागरूक करना था।

इसके साथ ही बीएसएनएल के व्यावसायिक और परिचालन क्षेत्रों से जुड़ी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। इनमें ग्रामीणों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभाव और इसे रोकने में आमजन की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।

स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को भी किया जागरूक

सतर्कता सप्ताह के तहत अलग-अलग शहरों के स्कूलों और कॉलेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार से होने वाले सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में बताया गया। उन्हें ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई गई।

जयपुर में हुआ समापन, विजेताओं के नाम घोषित

सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का समापन समारोह 31 अक्टूबर को जयपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सप्ताहभर चली गतिविधियों की जानकारी और उनके संक्षिप्त विवरण के साथ हुई।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (सतर्कता) अनु श्रीवास्तव ने ‘Spot the Red Flags’ विषय पर वेबिनार प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यस्थल पर संभावित अनियमितताओं की पहचान करने और ईमानदारी, पारदर्शिता व निष्ठा का माहौल विकसित करने की जरूरत बताई।

यह भी पढ़ें ; लंदन में वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 के पोस्टर का विमोचन, दीया कुमारी और अनिल अग्रवाल ने किया लॉन्च

समारोह में मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय ने निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं के नाम घोषित किए। उन्होंने सतर्कता टीम और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सतर्कता को केवल एक सप्ताह तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे रोजमर्रा के कामकाज और कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में सहायक महाप्रबंधक (सतर्कता) मान सिंह रावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों का आभार जताया।

Related Articles

Back to top button