जयपुर की 18 निकायों में प्रचार थमा, 9 सितंबर को वोटिंग

जयपुर जिले की 18 नगरीय निकायों में पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार सोमवार शाम 6 बजे थम गया। अब प्रत्याशी रैली या सभा नहीं कर सकेंगे और केवल व्यक्तिगत रूप से घर-घर संपर्क कर वोट मांग पाएंगे। 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि 8 सितंबर को पोलिंग पार्टियां ईवीएम के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।

  • जयपुर की 18 निकायों में चुनाव प्रचार पर लगी रोक।
  • 9 सितंबर को वोटिंग के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं।
  • पोलिंग पार्टियां 8 सितंबर को भवानी निकेतन से होंगी रवाना।

Campaigning has stopped in 18 municipal bodies of Jaipur : नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण को लेकर अब चुनावी मैदान में प्रचार का शोर पूरी तरह थम गया है। जयपुर जिले समेत प्रदेश के उन सभी निकाय क्षेत्रों में सोमवार शाम 6 बजे के बाद रैलियों, जनसभाओं और लाउडस्पीकर के जरिए प्रचार पर रोक लागू हो गई, जहां 9 सितंबर को मतदान होना है।

यह भी पढ़ें ; देश की 1 लोकसभा और 5 विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को होगा उपचुनाव, 9 को आएंगे नतीजे

प्रचार बंद होने के बाद प्रत्याशियों के पास मतदाताओं तक पहुंचने के लिए व्यक्तिगत संपर्क का रास्ता ही बचा है। वे घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर सकेंगे। सार्वजनिक प्रचार और सभाओं पर रोक मतदान समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

अब प्रशासन का पूरा फोकस मतदान व्यवस्था पर है। जयपुर में 18 नगरीय निकायों के लिए पोलिंग पार्टियां 8 सितंबर को रवाना होंगी। सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर से दो चरणों में मतदान दलों को रवाना किया जाएगा। इसके बाद टीमें अपने-अपने मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी संभालेंगी।

प्रशासन ने मतदान से पहले ईवीएम की तैयारियों का काम भी पूरा कर लिया है। मतदान दलों को उपलब्ध कराई जाने वाली मशीनों की कमीशनिंग कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की निगरानी में ईवीएम की कमीशनिंग प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की तकनीकी परेशानी न आए।

पहले चरण में मतदान वाले निकाय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में सोमवार शाम 6 बजे से 9 सितंबर शाम 6 बजे तक ड्राय-डे लागू रहेगा। यानी इस अवधि में शराब की बिक्री पर रोक रहेगी।

इन निकायों में 9 सितंबर को मतदान

जयपुर जिले में पहले चरण के तहत चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के अलावा दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नरायना, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा नगर पालिकाओं में 9 सितंबर को वोट डाले जाएंगे।

यह भी पढ़ें ; अलवर में CM का रोड शो, आखिरी दिन भाजपा ने झोंकी ताकत

मतदान की तारीख नजदीक आते ही प्रत्याशियों की चुनावी गतिविधियां अब व्यक्तिगत जनसंपर्क तक सीमित हो गई हैं। प्रशासन की ओर से मतदान दलों की रवानगी, ईवीएम और बूथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button