निकाय चुनाव में BJP की जीत, CM बोले- जनता ने लगाई मोहर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनावों में भाजपा की जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार के कामकाज पर जनता का भरोसा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और विकसित राजस्थान के विजन को प्रदेशवासियों ने समर्थन दिया है। मुख्यमंत्री ने आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा की बड़ी जीत का भरोसा जताया और वन स्टेट, वन इलेक्शन को जनादेश बताया।

  • निकाय चुनाव में BJP की जीत को CM ने जनता का भरोसा बताया
  • भजनलाल बोले- पंचायत चुनावों में भी भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी
  • वन स्टेट, वन इलेक्शन के पक्ष में है जनता का जनादेश

BJP wins civic body elections : राजस्थान के निकाय चुनाव परिणामों में भाजपा के प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे सरकार के कामकाज और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया है। सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर जनता ने अपने मत के जरिए भरोसा जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को प्रदेश की जनता ने स्वीकार किया है। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत के साथ जनता के बीच पहुंचकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को रखा।

यह भी पढ़ें ; निकाय चुनाव नतीजे : जयपुर समेत 4 निगमों में बीजेपी का दबदबा, बीकानेर में कांग्रेस

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले ढाई वर्षों से अधिक समय में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक विभिन्न योजनाओं को पहुंचाने का काम किया है। जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने महिला, युवा और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, चुनाव परिणाम इसी जनसंपर्क और जनता के विश्वास का नतीजा हैं।

78 प्रतिशत वादे पूरे करने का दावा

भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार अपने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे कर चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निकाय विकास संकल्प पत्र में किए गए वादों को भी सरकार तय समय के अनुसार पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों के विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार आगे भी लगातार काम करती रहेगी।

निकाय चुनाव के बाद अब मुख्यमंत्री की नजर आगामी पंचायत चुनावों पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह जनता ने नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा का समर्थन किया है, उसी तरह पंचायत चुनावों में भी पार्टी को बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाला परिणाम बताया।

वन स्टेट, वन इलेक्शन पर भी बोले CM

मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव के जनादेश को ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ के विचार से भी जोड़ते हुए कहा कि मतदाताओं ने एक साथ चुनाव कराने के पक्ष में संदेश दिया है। उनके अनुसार, बार-बार चुनाव होने से समय और संसाधनों पर खर्च बढ़ता है, जबकि एक साथ चुनाव कराने से इनकी बचत हो सकती है और विकास कार्यों पर ज्यादा ध्यान दिया जा सकता है।

भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में निकाय और पंचायत चुनाव अलग-अलग समय पर लंबे अंतराल तक चलते रहे। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी प्रक्रिया में प्रशासनिक संसाधन और समय खर्च होता है। भाजपा सरकार एक साथ चुनाव की व्यवस्था को आगे बढ़ाने के पक्ष में है।

यह भी पढ़ें ; कोणार्क से पुरी तक: जहां पत्थरों में इतिहास और आस्था में आज भी धड़कता है ओडिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव परिणामों से यह भी संकेत मिला है कि जनता ऐसी सरकार चाहती है जो उसकी समस्याओं को सुने और संवेदनशीलता के साथ काम करे। उन्होंने भाजपा की जीत को जनता, कार्यकर्ताओं और सरकार के बीच बने भरोसे की जीत बताया।

Related Articles

Back to top button