बदमाशों को CM भजनलाल की चेतावनी, अपराध हुआ तो सीधे आईजी-एसपी होंगे जिम्मेदार
राजस्थान में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध पर किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर अपराध और महिलाओं-बच्चों के खिलाफ अपराधों पर कड़ी कार्रवाई के साथ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
- बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश, अपराध पर होगी जवाबदेही तय।
- भजनलाल शर्मा ने आईजी-एसपी को कानून-व्यवस्था पर दी दो टूक चेतावनी।
- बदमाशों के नेटवर्क, साइबर अपराध और नशा तस्करी पर चलेगा बड़ा अभियान।
CM Bhajanlal’s warning to miscreants : राजस्थान में कानून-व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को एक्शन मोड में नजर आए। उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में अपराध की किसी भी घटना को हल्के में नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब संबंधित क्षेत्र में अपराध होने पर आईजी और एसपी की जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिससे अपराधियों में कानून का भय स्पष्ट दिखाई दे। उन्होंने निर्देश दिए कि संगठित अपराध, गैंग गतिविधियों, नशा तस्करी और साइबर अपराध के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क को खत्म करने की रणनीति अपनाई जाए। उनका कहना था कि अपराधियों के साथ-साथ उनके सहयोगियों और आर्थिक तंत्र पर भी प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अलवर, श्रीगंगानगर और भरतपुर में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब-तलब किया। वहीं गोगुंदा में चरागाह भूमि पर अतिक्रमण के मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
यह भी पढ़ें ; वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026 की शुरुआत, बुजुर्गों को रामेश्वरम दर्शन का सुनहरा अवसर
भजनलाल शर्मा ने अवैध हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला को संगठित अपराध की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए ऐसे जिलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, जहां आर्म्स एक्ट के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। उन्होंने कहा कि हथियार बरामद होने पर केवल आरोपी की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि हथियार उपलब्ध कराने वाले पूरे गिरोह और उसके सरगना तक पहुंचकर नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अपराधियों के सोशल और फाइनेंशियल नेटवर्क पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन करने वालों पर नजर रखने, भू-माफिया गतिविधियों और हवाला कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ड्रग तस्करों की अवैध संपत्तियों को जब्त और ध्वस्त करने की कार्रवाई तेज करने को कहा।
साइबर अपराधों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर पेट्रोलिंग बढ़ाने, साइबर सेल को मजबूत करने और डिजिटल अरेस्ट तथा ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराधों को अत्यंत गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों में तेज जांच, त्वरित कार्रवाई और दोषियों को कड़ी सजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी रेंज आईजी और जिला पुलिस अधीक्षकों को एनडीपीएस, गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर, अवैध हथियार और संगठित अपराध से जुड़े लंबित मामलों की व्यक्तिगत समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान विधानसभा में पहली बार बनेगा इतिहास, 75 साल पर होगा विधायकों का महाकुंभ
उन्होंने सभी जिलों में कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) की नियमित बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए, ताकि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद कायम हो तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।



