भजनलाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के धानक्या स्थित स्मारक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों को याद करते हुए कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के आदर्श आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और समावेशी विकास की दिशा में मार्गदर्शन देते हैं।
- दीनदयाल जयंती पर CM भजनलाल शर्मा ने धानक्या में किया नमन।
- अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचारों को किया याद।
- भजनलाल सरकार ने जनकल्याण को अपनी प्राथमिकता बताया।
CM Bhajan Lal Pays Tribute to Pandit Deendayal Upadhyaya in Dhankya : जयपुर। राजस्थान की मौजूदा सरकार प्रदेश में विकास के उस मॉडल पर काम कर रही है, जिसकी नींव दशकों पहले देश के महान चिंतकों ने रखी थी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को यह संदेश देते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन और उनके विचार राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की असली प्रेरणा हैं। अवसर था महान राष्ट्रचिंतक, एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती का।

जयंती के विशेष मौके पर मुख्यमंत्री अचानक जयपुर के पास स्थित धानक्या स्मारक पहुंचे। वहां उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की भव्य प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित जी का पूरा जीवन मां भारती की सेवा और राष्ट्र के उत्थान के लिए समर्पित रहा। वे सही मायनों में भारत में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अग्रदूत थे।
यह भी पढ़ें ; EWS पर भाटी का अभियान तेज, 26 सितंबर से यात्रा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह भी रेखांकित किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का स्पष्ट मानना था कि जब तक समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति का जीवन सुगम नहीं बनता, तब तक वास्तविक प्रगति अधूरी है। इसी सोच को साकार करने के लिए उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ की अवधारणा प्रस्तुत की थी। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि उनकी सरकार इसी अंत्योदय के लक्ष्य को ध्यान में रखकर प्रदेश में नीतियां और योजनाएं लागू कर रही है, ताकि विकास का लाभ हर जरूरतमंद तक सीधे पहुंच सके।



