पशुपालकों के लिए CM भजनलाल सख्त, टीकाकरण और लापरवाही पर दिए बड़े निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पशु रोग नियंत्रण को लेकर हुई उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश का कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित नहीं रहे। उन्होंने अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग, औचक निरीक्षण, मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों की निगरानी और मंगला पशु बीमा योजना की प्रगति की जिलेवार समीक्षा करने के आदेश दिए।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पशु टीकाकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
- 1962 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों और अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग होगी।
- मंगला पशु बीमा योजना की जिलेवार समीक्षा कर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।
CM Bhajanlal Reviews Animal Health and Vaccination Drive: जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में पशुओं के स्वास्थ्य को किसानों की आर्थिक मजबूती से जोड़ते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पशु लक्षित टीकाकरण से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पशु रोग नियंत्रण को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को फील्ड स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग करने और योजनाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल रिपोर्टों पर निर्भर रहने के बजाय जमीनी स्तर पर कार्यों की नियमित जांच होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पशु चिकित्सा अस्पतालों में औचक निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही अस्पताल की दवाओं के दुरुपयोग या किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने 1962 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के संचालन की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया। इसके अलावा दवा वितरण व्यवस्था और मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की जिलेवार एवं उपखंडवार प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
यह भी पढ़ें:सोना-चांदी में आई बड़ी नरमी, निवेशकों की बढ़ी चिंता
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत अब तक 23.25 लाख से अधिक पशुओं का बीमा किया जा चुका है, जिससे 11.16 लाख से ज्यादा पशुपालकों को लाभ मिला है। वहीं, प्रदेश में संचालित 536 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से अब तक 64 लाख से अधिक पशुओं का उपचार किया गया है और करीब 17.5 लाख पशुपालकों तक सेवाएं पहुंचाई गई हैं।
सरकार ने बताया कि मोबाइल पशु चिकित्सा सेवा मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। इसकी कार्यप्रणाली का अध्ययन करने के लिए एशियाई विकास बैंक को भी अधिकृत किया गया है। बैठक में पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



