सीएम भजनलाल ने युवाओं को दिया सक्सेस का गुरुमंत्र, बोले- ‘सपनों की उड़ान’ के लिए असंभव कुछ भी नहीं
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त, संस्कारवान और ऊर्जावान युवा विकसित भारत की असली ताकत हैं। राज्य सरकार रोजगार, कौशल विकास, खेल और स्टार्टअप के जरिए युवाओं के सपनों को पूरा करने में सहयोग कर रही है।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से संवाद कर उन्हें सपनों की उड़ान भरने के लिए प्रेरित किया।
- सरकार की पारदर्शी नीतियों के तहत पेपरलीक पर लगाम लगाकर युवाओं को बंपर नौकरियां दी जा रही हैं।
- युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए डबल इंजन सरकार हर कदम पर साथ खड़ी है।
CM Bhajanlal shared the secret to success with the youth : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के अनुभव सुने, सुझाव लिए और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और कुछ नया करने का जज्बा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से संकल्प, आत्मविश्वास, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

अष्टमी और महानवमी के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि सामर्थ्यवान, संस्कारवान और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की यात्रा को आगे बढ़ाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें युवा
भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई ऐसे फैसले लिए गए हैं, जिन्हें कभी मुश्किल माना जाता था। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए युवाओं से बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत करने का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें ; बीसीसीआई का बड़ा फैसला : प्रज्ञान ओझा बने टीम इंडिया के नए मुख्य चयनकर्ता, अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया और अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहल ने युवाओं के लिए नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए हैं।
रोजगार और भर्ती पर सरकार ने गिनाए आंकड़े
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार और भर्ती से जुड़ी पहलों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, राज्य में अब तक 1 लाख 93 हजार पदों पर सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई।
उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में 5 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। पेपरलीक के मामलों पर सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 569 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 410 परीक्षाएं बिना पेपरलीक के आयोजित की गई हैं।
कौशल विकास से लेकर स्टार्टअप तक पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार अवसर देने के लिए राज्य सरकार कौशल विकास, उच्च शिक्षा और उद्यमिता पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री युवा सुयोग पोर्टल और राजस्थान युवा नीति के माध्यम से खेल, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य कौशल नीति-2025 के तहत उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है और अब तक 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण मिल चुका है। इसके साथ ही 144 सरकारी आईटीआई में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए गए हैं। प्रदेश में 21 नए सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज और 76 नए सरकारी महाविद्यालय स्थापित किए गए हैं, जबकि 220 सरकारी कॉलेज भवनों के निर्माण की जानकारी भी दी गई।
स्टार्टअप को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 5 हजार से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं और 65 आईस्टार्ट लॉन्चपैड नेस्ट स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत चार लाख लाभार्थियों को 1,643 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
नशे से दूरी, राष्ट्र निर्माण में भागीदारी
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 350 से अधिक महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में ‘नई किरण’ नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। ‘राज सवेरा’ पहल के तहत जिला अस्पतालों में नशामुक्ति वार्ड स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। साथ ही, प्रधानमंत्री के नशामुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान में जनभागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म का जिक्र करते हुए कहा कि यह युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उनके अनुसार, राजस्थान में इस प्लेटफॉर्म पर 26 लाख से अधिक युवा पंजीकृत हैं और 1,700 से ज्यादा संस्थाएं इससे जुड़ी हैं।
खेलों में आगे बढ़ने के लिए भी मिलेंगे अवसर
भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवाओं में खेल भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए गए हैं और सभी 41 जिला मुख्यालयों पर ‘एक जिला, एक खेल’ योजना के तहत खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने की घोषणा और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम का भी उल्लेख किया।
युवाओं ने साझा किए अनुभव, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में युवाओं ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिले लाभों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। पैरा खिलाड़ी विक्रम कुमार मीणा ने आउट ऑफ टर्न नियुक्ति, शिवम वैष्णव ने आई-स्टार्ट योजना और मनीषा गोस्वामी ने आर्थिक सहायता से जुड़े अनुभव साझा किए।
निकिता ने टेली-मानस मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन और हीरालाल महावर ने नशामुक्ति के लिए संचालित नई किरण योजना का उल्लेख किया। माय भारत वॉलेंटियर अद्विता सिंह और दृष्टिबाधित युवा सचिन सिंह जादौन ने कार्यक्रम का संचालन किया। मुख्यमंत्री ने दोनों की प्रस्तुति और आत्मविश्वास की सराहना की।
यह भी पढ़ें ; BEL में नौकरी का मौका! 11 पदों पर भर्ती, ₹50 हजार तक मिलेगी सैलरी
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति पर आधारित नाटिका भी प्रस्तुत की गई। इसमें विद्यार्थी, खिलाड़ी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा शामिल हुए।
अंत में मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक मंजिल प्राप्त न हो जाए’ को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से विकसित भारत तथा विकसित राजस्थान के सपने को साकार करने में अहम योगदान दे सकते हैं।



