गहलोत को सीएम भजनलाल का जवाब- जोधपुर में कही हर बात का हिसाब देंगे

जयपुर में भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत रामलीला मैदान में सभा और पदयात्रा आयोजित हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि जोधपुर में उठाए गए सवालों का एक-एक जवाब दिया जाएगा। सभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी कांग्रेस पर हमला बोला।

  • सीएम भजनलाल का अशोक गहलोत को जवाब, आरोपों का प्रमाण देने की चुनौती।
  • अश्विनी वैष्णव बोले- जयपुर से मेरा पारिवारिक रिश्ता, मैं यहां का बेटा हूं।
  • रामलीला मैदान से न्यूगेट होते हुए त्रिपोलिया गेट तक भाजपा की पदयात्रा।

CM Bhajanlal Sharma Hits Back at Ashok Gehlot in Jaipur : राजस्थान की सियासत में गुरुवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जयपुर के रामलीला मैदान में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने गहलोत का नाम लिए बिना उनके बयानों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जोधपुर की सभा में कही गई बातों का एक-एक जवाब पूरी ताकत से दिया जाएगा।

गहलोत को सीएम भजनलाल का जवाब- जोधपुर में कही हर बात का हिसाब देंगे
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

मुख्यमंत्री ने कहा कि जोधपुर में उठाए गए सवालों से कुछ लोग परेशान हो गए थे, लेकिन अभी उन्हें और जवाब सुनने पड़ेंगे। यदि उनके द्वारा कही गई कोई बात गलत है तो उसे तथ्यों के साथ साबित करके दिखाया जाए। उन्होंने आरपीएससी में सदस्य की नियुक्ति, जल जीवन मिशन में कथित घोटाले और पिछली सरकार के मंत्रियों एवं अधिकारियों के जेल जाने जैसे मुद्दे उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ और ओएसडी को लेकर भी सवाल किए।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार चौबीस घंटे राजनीति करने के बजाय जनता के बीच रहकर काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने विपक्ष से आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के साथ अपनी बात रखने को कहा।

यह भी पढ़े : राशिद खान की टेस्ट टीम में वापसी टली, फिटनेस बनी सबसे बड़ी चुनौती

अश्विनी वैष्णव बोले- जयपुर का बेटा हूं

सभा में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर से अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि कभी लोग उन्हें जयपुर का दामाद तो कभी फूफा बना देते हैं, लेकिन वह नाराज फूफा नहीं हैं, बल्कि खुश हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर से उनका रिश्ता बन गया है और वह खुद को इस शहर का बेटा मानते हैं। उल्लेखनीय है कि वैष्णव का ससुराल जयपुर में है।

मदन राठौड़ का कांग्रेस पर हमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस और विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि विपक्ष सत्ता के लिए पानी के बिना मछली की तरह तड़प रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहता है।

राठौड़ ने दिल्ली में हुए प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर ऐसे लोगों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया, जो उनके अनुसार भगवान राम और राष्ट्र का अपमान करते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए संसद में प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ उनके व्यवहार को लेकर सवाल उठाए।

यह भी पढ़े : राजस्थान में 8.09 करोड़ लोग जन आधार से जुड़े, 85 हजार ई-मित्र संचालकों से होगा सीधा संवाद

मंच पर नाम भूलने से छूटे हंसी के पल

सभा के दौरान एक दिलचस्प घटनाक्रम भी देखने को मिला। स्वागत भाषण दे रहीं सांसद मंजू शर्मा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का नाम लेना भूल गईं। कुछ देर बाद उन्होंने अपनी गलती सुधारते हुए कहा कि परिवार के मुखिया का नाम लेना भूल गई थीं। इस पर मुख्यमंत्री, रेल मंत्री सहित मंच पर मौजूद नेता हंस पड़े।

इसके बाद प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया भी अपने संबोधन में मदन राठौड़ का नाम लेना भूल गए। अपनी गलती स्वीकार करते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि माफी चाहूंगा, मैंने भी प्रदेश अध्यक्ष का नाम छोड़ दिया, क्योंकि सूची उन्होंने ही बनाई है और उसमें अपना नाम नहीं लिखा।

न्यूगेट से त्रिपोलिया गेट तक निकली पदयात्रा

रामलीला मैदान में सभा समाप्त होने के बाद अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मदन राठौड़ और अन्य भाजपा नेता पदयात्रा में शामिल हुए। यात्रा न्यूगेट से शुरू होकर त्रिपोलिया गेट तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लेकर ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’, ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ और ‘जनादेश का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ जैसे नारे लगाए।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, भाजपा प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, जयपुर मेयर सुनील कोठारी सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button