सीएम भजनलाल शर्मा ने आपातकाल और भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस और गहलोत पर साधा निशाना
जोधपुर में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा और रैली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आपातकाल, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और पेपरलीक मामलों को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को घेरा। मुख्यमंत्री ने अशोक गहलोत के कार्यकाल में राजनीतिक अस्थिरता और सत्ता संघर्ष का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
- CM भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर आपातकाल और संविधान के अपमान का आरोप लगाया।
- अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल को होटल पॉलिटिक्स और कुर्सी की लड़ाई से जोड़ा।
- पेपरलीक, भ्रष्टाचार और गहलोत के पूर्व PSO की गिरफ्तारी का किया जिक्र।
CM Bhajanlal Sharma Targets Congress and Gehlot Over Emergency, Corruption: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला तेज करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने 1975 में आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचला, वह आज संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने, विपक्षी सरकारों को बर्खास्त करने और नागरिक अधिकारों पर अंकुश लगाने का काम किया।
मुख्यमंत्री मंगलवार को जोधपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार मिलने पर कांग्रेस कभी ईवीएम, कभी निर्वाचन आयोग तो कभी न्यायपालिका पर सवाल उठाती है। लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन बिना प्रमाण संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना उचित नहीं है।
परिवारवाद और तुष्टीकरण पर भी साधा निशाना

भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी में मेहनती कार्यकर्ताओं की अपेक्षा परिवारवाद को अधिक महत्व दिया जाता है। राजनीति का आधार सत्ता और परिवार नहीं, बल्कि जनता का विश्वास और सेवा होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक देश से गरीबी समाप्त नहीं होती, हर गरीब को पक्का मकान नहीं मिलता और भारत आत्मनिर्भर नहीं बनता, तब तक मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। साथ ही कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।
गहलोत सरकार के कार्यकाल पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शासनकाल को राजनीतिक अस्थिरता और सत्ता संघर्ष का दौर बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय होटल पॉलिटिक्स और कुर्सी बचाने की लड़ाई में उलझी रही। उन्होंने कांग्रेस के भीतर नेताओं के बीच आपसी खींचतान का जिक्र करते हुए हालिया रैली में गहलोत को मंच पर जगह नहीं मिलने पर भी तंज कसा।
पेपरलीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार को घेरा। उन्होंने आरपीएससी नियुक्तियों, जल जीवन मिशन घोटाले और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एक पूर्व पीएसओ की भी पेपरलीक मामले में गिरफ्तारी हुई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे जवाबदेह होना पड़ेगा।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 108 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 1997 के वक्तव्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक वोट से सरकार गिरने के बाद भी अटल जी ने पूरे देश में भाजपा की सरकार बनने का विश्वास जताया था। आज भाजपा का बढ़ता जनाधार उनके उस विश्वास को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने निकाय चुनावों में भाजपा को मिले समर्थन को विकास और सुशासन के प्रति जनता का भरोसा बताया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में भी भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचा रहे हैं। राजस्थान में करीब 30 योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश देश के पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर अपनी जगह बना रहा है। यह केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय तथा योजनाओं की बेहतर मॉनिटरिंग का परिणाम है।



