सरदार पटेल की जयंती पर जयपुर में दौड़ेगा पूरा शहर, सीएम भजनलाल दिखाएंगे ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को जयपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित होगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सुबह 7:30 बजे अमर जवान ज्योति से दौड़ को रवाना करेंगे। आयोजन में खिलाड़ी, विद्यार्थी, धावक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देंगे।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अमर जवान ज्योति से ‘रन फॉर यूनिटी’ को दिखाएंगे हरी झंडी।
- सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर जयपुर में आयोजित होगी राष्ट्रीय एकता दौड़।
- कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी भी दौड़ में होंगे शामिल।
The entire city of Jaipur will run on Sardar Patel’s birth anniversary : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित की जाएगी। 31 अक्टूबर को होने वाले इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सुबह 7:30 बजे अमर जवान ज्योति से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह भी पढ़ें ; विप्र फाउंडेशन में बड़ी नियुक्ति, संतोष दाधीच को फिर मिली प्रदेश उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी
दौड़ में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रहेगी। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, धावक क्लबों के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी इसमें हिस्सा लेंगे। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद ने आमजन से भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग और राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयपुर जिला कलक्टर संदेश नायक, एडीएम राजेन्द्र सिंह सिसोदिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को आयोजन के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीणा ने बताया कि दौड़ अमर जवान ज्योति से शुरू होगी। इसके बाद प्रतिभागी विधानसभा, नगर निगम, अर्जुन गेट, रामबाग सर्किल और अंबेडकर सर्किल होते हुए वापस अमर जवान ज्योति पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई जाएगी।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान के प्रमुख मंदिरों में होंगे लाइव दर्शन, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अफसरों को दिए कड़े निर्देश
इस आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश के एकीकरण में दिए गए योगदान को याद करना है। साथ ही लोगों तक एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश पहुंचाना भी कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य है।



