हर अधिकारी जनसेवा को बनाए अपनी पहली प्राथमिकता : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में राज्य सेवाओं के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रशासनिक सफलता का असली पैमाना आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने जनसुनवाई को प्रभावी बनाने, पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और ईमानदारी, संवेदनशीलता व तकनीक के साथ काम करने की अपील की। साथ ही विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जनसेवा का मंत्र दिया।
- जनसुनवाई और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर जोर।
- विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य में युवा अधिकारियों की भूमिका अहम बताई।
Every official should make public service their top priority : सरकारी पद पर पहुंचना किसी अधिकारी की जिम्मेदारी का अंत नहीं, बल्कि असल परीक्षा की शुरुआत है। आम नागरिक की समस्या को समझना, उसे सम्मान देना और उसका समाधान करना ही प्रशासनिक सेवा की वास्तविक पहचान है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को राज्य सेवाओं के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद के दौरान यह संदेश दिया।

एचसीएम रीपा (ओटीएस) के बीएस मेहता सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने संघर्ष के दिनों को याद रखें और पद को अधिकार के बजाय जनसेवा का दायित्व समझें। उनके मुताबिक, प्रशासन की सफलता का आकलन इस बात से होना चाहिए कि आम आदमी के जीवन में कितना सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से हर नागरिक को अपने परिवार का हिस्सा मानकर संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यालय में आने वाला व्यक्ति किसी उम्मीद के साथ आता है। अधिकारियों का व्यवहार, निष्पक्षता और काम करने का तरीका उस व्यक्ति का शासन-प्रशासन पर भरोसा मजबूत कर सकता है।
जनसुनवाई औपचारिकता नहीं, समाधान का माध्यम बने
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनविश्वास प्रशासन की सबसे बड़ी पूंजी है। अधिकारियों को ऐसी कार्यसंस्कृति विकसित करनी चाहिए, जिसमें लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। हर व्यक्ति की बात सम्मान से सुनी जाए और उसकी समस्या के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किया जाए।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान विद्युत निगम भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, 2005 पदों पर होगी भर्ती
उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में जाकर लोगों से मिलने, स्थानीय परिस्थितियों को समझने और जमीनी समस्याओं की पहचान करने की सलाह दी। जनसुनवाई को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित रखने के बजाय उसका उपयोग शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता तभी है, जब उनका लाभ सही पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। इसके लिए अधिकारियों को योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया और समयसीमा की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने लक्ष्य तय करने और काम की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया।
तकनीक से आसान होंगी सरकारी सेवाएं
प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवा अधिकारियों से अपनी तकनीकी समझ का उपयोग प्रक्रियाओं को सरल बनाने, समय बचाने और सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में करने को कहा।
साथ ही उन्होंने आगाह किया कि तकनीक के कारण कोई नागरिक सरकारी सेवा से वंचित नहीं रहना चाहिए। डिजिटल व्यवस्था के साथ यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि जिन लोगों को ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करने में कठिनाई होती है, उन्हें भी आवश्यक सहायता मिल सके।
युवाओं के लिए रोजगार और भर्ती पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का युवा ऊर्जा और प्रतिभा से भरा है। उसकी क्षमताओं को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने बताया कि राज्य में 1 लाख 93 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2026 के लिए सवा लाख पदों का भर्ती कैलेंडर भी जारी किया गया है।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि वे युवाओं की आकांक्षाओं को समझें और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम करें। मुख्यमंत्री ने लगातार आरएएस भर्ती परीक्षाओं के आयोजन को लेकर युवाओं की उम्मीदों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर वर्ष परीक्षा आयोजित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, ताकि अभ्यर्थियों को अवसर मिलते रहें।
विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य में निभाएं भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार ने विकसित राजस्थान-2047 का लक्ष्य रखा है। ऊर्जा, कृषि, पर्यटन, खनन, उद्योग, हस्तशिल्प, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सेवाओं जैसे क्षेत्रों में प्रदेश के पास विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने में युवा अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
यह भी पढ़ें ; ग्रामीण रोजगार में राजस्थान का नया कीर्तिमान, महिलाओं की भागीदारी 72.69% पहुंची
उन्होंने जल उपलब्धता से जुड़े समझौतों का उल्लेख करते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना का जिक्र किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, देवास, माही और ब्राह्मणी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने बिजली, निवेश और आधारभूत ढांचे से जुड़ी पहलों की जानकारी देते हुए कहा कि 27 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध हो रही है और वर्ष 2027 तक सभी जिलों में यह सुविधा देने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू और इनमें से करीब 9 लाख करोड़ रुपये के धरातल पर उतरने का भी उल्लेख किया। उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी और नौ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं को भी विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने साझा किया संघर्ष और सफलता का सफर
संवाद कार्यक्रम में प्रशिक्षु अधिकारियों ने अपने जीवन के संघर्षों और सफलता तक पहुंचने के अनुभव साझा किए। राजस्थान लेखा सेवा की रोहिणी गुर्जर ने पति के निधन और बेटी को खोने जैसी कठिन परिस्थितियों के बीच प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखने की अपनी कहानी बताई। उन्होंने दुर्घटना में घायल होने के बावजूद परीक्षा देने और अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं में सफलता हासिल करने का अनुभव साझा किया।
सीडीपीओ प्रमिला ने बताया कि उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और परिवार की आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। यूपीएससी में लगातार असफलताओं के बाद उन्होंने आरएएस परीक्षा में सफलता हासिल की। रसद अधिकारी अभिषेक कुल्हरी ने सड़क दुर्घटना में आंखों की रोशनी खोने के बाद खेलों में उपलब्धियां हासिल करने और फिर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने का सफर बताया।
यह भी पढ़ें ; जयपुर आएंगे दो केंद्रीय मंत्री, 31 को प्रहलाद जोशी और 5 नवंबर को अश्विनी वैष्णव का दौरा
सहायक वाणिज्य कर अधिकारी कुलदीप खटीक ने परिवार की कठिन परिस्थितियों और लगातार प्रयासों के बाद आरएएस-2024 में सफलता मिलने की बात कही। आरपीएस अधिकारी बृजेश कुमार मेघवाल ने अपने नृत्य प्रशिक्षण से मिले अनुशासन को पुलिस सेवा में उपयोग करने की बात कही। वहीं, आरएएस अधिकारी विरेंद्र चारण ने जल संकट से निपटने के लिए वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन का सुझाव दिया। आरआरडीएस अधिकारी रमनदीप कौर ने युवाओं को संदेश दिया कि वर्तमान नौकरी को आगे बढ़ने की राह में बाधा नहीं मानना चाहिए।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु अधिकारियों को सुशासन, जवाबदेही, पारदर्शिता और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। कार्यक्रम में एचसीएम रीपा की महानिदेशक श्रेया गुहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उदयपुर से प्रशिक्षु अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद में शामिल हुए।



