केकड़ी को 880 करोड़ की सौगात, सीएम ने विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर के केकड़ी दौरे के दौरान लगभग 880 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और रोजगार को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि योजनाओं का असर अब धरातल पर दिखाई दे रहा है और प्रदेश तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
- केकड़ी में 880 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सड़क, पानी और बिजली पर सरकार की प्राथमिकता बताई।
- केकड़ी विकास को गति देने के लिए फोरलेन सड़क सहित कई परियोजनाओं की शुरुआत।
Kekri receives a gift worth 880 crore : अजमेर जिले के केकड़ी में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने करीब 880 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली फेज-प्रथम फोरलेन सड़क परियोजना की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा क्षेत्र में कई नई सड़कें, सड़क चौड़ीकरण, पुलिया निर्माण, सीसी सड़कें और स्कूल भवनों से जुड़े कार्यों की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों में काम कर रही है। उनका कहना था कि इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव अब प्रदेशभर में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।

उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से करीब 49 हजार किलोमीटर सड़क नेटवर्क का विकास किया गया है। साथ ही 18 हजार किलोमीटर नई सड़कें बनाई गई हैं और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हजारों किलोमीटर सड़कों का उन्नयन और सुदृढ़ीकरण भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और नए एयरपोर्ट जैसी आधारभूत सुविधाएं प्रदेश के विकास को नई गति दे रही हैं।
यह भी पढ़ें ; बीकानेर में बनेगा श्री परशुराम ज्ञानपीठ, समाज को मिलेगा नया केंद्र
जल प्रबंधन को सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के जरिए हर घर तक पानी पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और मजदूरों के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाई गई है और भविष्य में इसे 12 हजार रुपये वार्षिक करने का लक्ष्य है। पशुपालकों को ब्याज मुक्त ऋण, पशु बीमा योजना, युवाओं के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक 1.78 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि एक लाख से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वहीं निजी क्षेत्र में भी लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। केकड़ी पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
यह भी पढ़ें ; मेयो एलुमनाई जयपुर को मिला नया अध्यक्ष, पृथ्वी सिंह कानोता को मिली जिम्मेदारी
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



