पेंशन सुधार पर मंथन, मुख्य सचिव ने पीएफआरडीए अध्यक्ष से की अहम मुलाकात
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने पीएफआरडीए अध्यक्ष शिवसुब्रमण्यन रमण से मुलाकात कर राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस), यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) और पेंशन सुधारों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, एनपीएस कोष की वापसी और पेंशन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार साझा किए गए।
- पीएफआरडीए अध्यक्ष और मुख्य सचिव के बीच पेंशन सुधार पर चर्चा।
- एनपीएस और यूपीएस से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर हुआ विचार-विमर्श।
- कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा और एनपीएस कोष वापसी पर रखा गया राज्य का पक्ष।
CS Meets PFRDA Chairman on Pension Reforms : जयपुर सचिवालय में शनिवार को राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने पेंशन फंड विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के अध्यक्ष शिवसुब्रमण्यन रमण से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पेंशन व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस), यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) और पेंशन सुधारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उपायों पर भी दोनों पक्षों ने अपने विचार साझा किए।
यह भी पढ़ें : सोना-चांदी में बड़ी गिरावट! एक हफ्ते में निवेशकों को मिला सस्ता खरीदारी का मौका
मुख्य सचिव ने राज्य सरकार की ओर से एनपीएस के संचित कोष की वापसी के मुद्दे पर राजस्थान का पक्ष रखा। इसके अलावा अखिल भारतीय सेवाओं (एआईएस) के अधिकारियों के लिए उपलब्ध एनपीएस और यूपीएस विकल्पों के साथ पेंशन व्यवस्था से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक के दौरान वी. श्रीनिवास ने राजस्थान में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के क्रियान्वयन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कर्मचारी हितों, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया। साथ ही एनपीएस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पेंशन संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया तथा राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग की निदेशक हेम पुष्पा शर्मा भी मौजूद रहीं।



