बोराज तालाब की नई पाल तैयार, लोकार्पण से पहले देवनानी ने किया निरीक्षण

अजमेर में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बोराज तालाब की नवनिर्मित पाल का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता, जल निकासी और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि नई पाल से आगामी मानसून में जलभराव की समस्या कम होगी तथा क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

  • बोराज तालाब की नई पाल का देवनानी ने किया निरीक्षण।
  • देवनानी ने निर्माण गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की।
  • बोराज तालाब की पाल से जल संरक्षण और जलभराव में राहत की उम्मीद।

Devnani inspected the site before the inauguration : विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को वरुण सागर रोड स्थित बोराज तालाब की नवनिर्मित पाल का निरीक्षण किया। बुधवार को प्रस्तावित लोकार्पण से पहले उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और जल निकासी व्यवस्था का मौके पर जायजा लिया तथा अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

बोराज तालाब की नई पाल तैयार, लोकार्पण से पहले देवनानी ने किया निरीक्षण
Image Source : Via Dipr

निरीक्षण के दौरान देवनानी ने पाल की ऊंचाई, ओवरफ्लो जल निकासी प्रणाली और तालाब में कराए गए खुदाई कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गहरी खुदाई और मजबूत पाल से तालाब की जल संग्रहण क्षमता बढ़ेगी, जिससे वर्षा जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी और भविष्य में क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें ; शहरी सेवा शिविर में पहुंचीं दिया कुमारी, लाभार्थियों को सौंपे पट्टे और ऋण चेक

उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मानसून के दौरान अतिरिक्त पानी की निकासी सुचारु रूप से हो, ताकि आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति न बने। उनके अनुसार इस परियोजना का उद्देश्य केवल जल संरक्षण ही नहीं, बल्कि स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा भी है।

अजमेर विकास प्राधिकरण की ओर से लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से यह विकास कार्य पूरा किया गया है। हाल ही में मानसून की बारिश के दौरान भी अधिकारियों ने पाल और जल निकासी व्यवस्था का परीक्षण किया था, जिसके बाद अब इसे लोकार्पण के लिए तैयार माना गया है।

निरीक्षण के दौरान देवनानी ने नवकार नगर, स्वास्तिक नगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने पेयजल, बिजली और पिछले मानसून में आई समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा आश्वस्त किया कि इस बार नई पाल के कारण जलभराव जैसी परेशानियों में काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, आधारभूत ढांचे के विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बोराज तालाब का पुनर्विकास आने वाले वर्षों में क्षेत्र के लिए उपयोगी साबित होगा और इसे एक आकर्षक स्थल के रूप में भी विकसित किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान निकाय-पंचायत चुनाव टले, निर्वाचन आयोग ने बताई नई समयसीमा

इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता ओ.पी. वर्मा, अधीक्षण अभियंता राजीव मीणा सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button