संस्कारों से बनेगा विकसित भारत, देवनानी का बड़ा संदेश

भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि संस्कारवान समाज, मजबूत परिवार और सेवा भाव से साकार होगा। उन्होंने भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

  • संस्कारों को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
  • देवनानी ने परिवार और भारतीय संस्कृति को मजबूत करने का आह्वान किया।
  • संस्कारों के संरक्षण में भारत विकास परिषद की भूमिका को सराहा।

A developed India will be built on values : भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज में सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें ; आचार्य महाप्रज्ञ के 107वें जन्मोत्सव पर सजेगा ‘महावीर से महाप्रज्ञ’ का भव्य मंच

राजापार्क स्थित आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर ‘मैं वीर सावरकर’ नाटक की प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में परिषद की विभिन्न सेवा गतिविधियों और सामाजिक योगदान को भी रेखांकित किया गया।

अपने संबोधन में देवनानी ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य केवल आर्थिक उन्नति तक सीमित नहीं है। इसके लिए संस्कारवान युवा, जागरूक नागरिक, सशक्त महिलाएं और सेवा के प्रति समर्पित संगठन समान रूप से आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद इस राष्ट्रीय संकल्प को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है।

उन्होंने हाल में सामने आई एक दुखद पारिवारिक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को प्रतिदिन एक साथ भोजन करने, संवाद बढ़ाने और घरों में रामायण जैसे प्रेरक ग्रंथों के अध्ययन की परंपरा को प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया।

देवनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। समाज में सेवा, नैतिकता और पारिवारिक मूल्यों का वातावरण मजबूत होगा तो विकसित भारत का लक्ष्य भी अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा।

यह भी पढ़ें ; केकड़ी को मिलेगी विकास की नई सौगात, सीएम भजनलाल शर्मा का दौरा कल

समारोह में भारत विकास परिषद के विक्रांत खंडेलवाल, डॉ. श्याम सुंदर अग्रवाल, राजीव शरण सक्सेना, नील माधव, विजय पारीक, रणवीर सिंह त्यागी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button