दिया कुमारी का महिला उद्यमियों को डिजिटल मंत्र, अब ऑनलाइन बढ़ेगा कारोबार
जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित अमृता हाट के दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने स्वयं सहायता समूहों की महिला उद्यमियों को डिजिटल मार्केटिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता के साथ उन्हें ऑनलाइन बाजार तक पहुंचाना भी जरूरी है। सरकार अब राज्य और जिला स्तर की प्रदर्शनियों में डिजिटल मार्केटिंग व वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण को अनिवार्य करेगी, ताकि महिलाओं की कमाई और कारोबार दोनों बढ़ सकें।
- अमृता हाट की महिला उद्यमियों को दिया गया डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण।
- डिजिटल ज्ञान से बनेगी आर्थिक उड़ान के तहत बिजनेस को ऑनलाइन बढ़ाने पर जोर।
- वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल के मंत्र से मिलेगा ग्लोबल मार्केट।
Diya Kumari’s digital mantra for women entrepreneurs : राजस्थान की महिला उद्यमियों के उत्पाद अब डिजिटल बाजार के जरिए ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच सकें, इसके लिए सरकार प्रशिक्षण पर जोर दे रही है। उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने जवाहर कला केंद्र में आयोजित राज्य स्तरीय अमृता हाट में महिला स्वयं सहायता समूहों की उद्यमियों को डिजिटल तकनीक अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में अच्छा उत्पाद तैयार करने के साथ उसकी सही मार्केटिंग करना भी बेहद जरूरी है।

महिला अधिकारिता निदेशालय की ओर से शनिवार को जवाहर कला केंद्र के रंगायन सभागार में विशेष डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने महिला उद्यमियों को वित्तीय और डिजिटल रूप से सक्षम बनने की सलाह देते हुए कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उनके कारोबार को नई दिशा दे सकते हैं।
प्रदर्शनियों में भी मिलेगा डिजिटल मार्केटिंग का प्रशिक्षण
दिया कुमारी ने घोषणा की कि महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से राज्य और जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों में डिजिटल मार्केटिंग तथा वित्तीय साक्षरता से जुड़ी कार्यशालाएं अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री के तरीके समझाना और उनकी बाजार तक पहुंच बढ़ाना है।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान में 850 करोड़ के निवेश की उम्मीद, रीको ने निकाली ई-लॉटरी
उन्होंने कहा कि अमृता हाट के पिछले दौरे के दौरान यह बात सामने आई थी कि स्वयं सहायता समूहों की कई महिलाएं अपने उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री बहुत कम करती हैं। इसी जरूरत को देखते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, ताकि महिलाएं डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।
‘वोकल फॉर लोकल’ से वैश्विक बाजार तक पहुंचने का संदेश
उप मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमियों की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाएं अब केवल रोजगार पाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने कारोबार के जरिए दूसरी महिलाओं को भी रोजगार दे रही हैं। इसे उन्होंने महिला सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान की कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों में देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचने की क्षमता है। जरूरत इस बात की है कि इन उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
दिया कुमारी ने सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों, बैंकों तथा ई-कॉमर्स कंपनियों से भी अपील की कि वे महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करें और उनके कारोबार को बढ़ाने में सहयोग दें।
सोशल मीडिया से ऑनलाइन पेमेंट तक की जानकारी
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने महिला उद्यमियों को फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप बिजनेस जैसे प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उत्पादों की ऑनलाइन ब्रांडिंग, आकर्षक फोटो और वीडियो तैयार करने, डिजिटल प्रचार, ऑनलाइन भुगतान, पैकेजिंग तथा इंटरनेट के जरिए ग्राहकों तक पहुंचने के तरीके भी समझाए गए।
यह भी पढ़ें ; डिजिटल दौर में मीडिया नैतिकता पर मंथन, पत्रकारों की जिम्मेदारी पर जोर
इस पहल का मकसद स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को डिजिटल कौशल से लैस करना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। विभाग की योजना है कि प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाएं और स्थानीय कारोबार को व्यापक बाजार से जोड़ सकें।



