विरासत संग्रहालय और रवीन्द्र मंच को मिलेगा नया रूप, दीया कुमारी ने दिए सख्त निर्देश
जयपुर में विरासत संग्रहालय और रवीन्द्र मंच के चल रहे विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण करते हुए उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं का समन्वय राज्य सरकार की प्राथमिकता है, जिससे पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान दोनों को नई मजबूती मिले।
- विरासत संग्रहालय के विकास कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश।
- रवीन्द्र मंच के जीर्णोद्धार में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।
- दीया कुमारी ने सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर सरकार की प्राथमिकता दोहराई।
Heritage Museum and Rabindra Manch to get a new look : जयपुर के किशनपोल बाजार स्थित विरासत संग्रहालय और रवीन्द्र मंच में चल रहे विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति का सोमवार को उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने स्वयं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा के भीतर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरी की जाएं।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी विकास कार्य में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, निर्माण कार्यों की लगातार समीक्षा करने और हर चरण में तय मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाएं निर्धारित समय पर पूरी हो सकें।

दीया कुमारी ने कहा कि राजस्थान की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कलात्मक धरोहरें प्रदेश की अमूल्य पहचान हैं। इन्हें संरक्षित रखने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना राज्य सरकार का प्रमुख लक्ष्य है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव मिल सके।
यह भी पढ़ें ; MSME के लिए बड़ी पहल, ECLGS 5.0 पर होगा राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम
उन्होंने कहा कि विरासत स्थलों के संरक्षण और विकास से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि ऐतिहासिक धरोहरों की मूल विशेषताओं को सुरक्षित रखते हुए उन्हें आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस समृद्ध विरासत से जुड़ सकें।



