दिया कुमारी का बड़ा निर्देश, राजस्थान में होंगे महिला सम्मेलन
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में महिला सशक्तिकरण और बच्चों के कल्याण को लेकर कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तर पर महिला सम्मेलन आयोजित करने, दूसरे राज्यों की बेहतर योजनाओं का अध्ययन करने और बाल देखरेख संस्थानों में सुविधाएं सुधारने पर जोर दिया। जोधपुर के कौशल प्रशिक्षण केंद्र को राज्य स्तरीय बनाने के निर्देश भी दिए।
- दिया कुमारी के निर्देश: राजस्थान के जिलों में महिला सम्मेलन आयोजित होंगे और दूसरे राज्यों की बेहतर योजनाओं का अध्ययन किया जाएगा।
- कौशल प्रशिक्षण केंद्र: जोधपुर के जिला स्तरीय केंद्र को राज्य स्तरीय बनाने की तैयारी, बालिकाओं को भी कौशल प्रशिक्षण मिलेगा।
- बाल देखरेख संस्थान: 40 संस्थानों के जीर्णोद्धार, नए बाल गृहों और बच्चों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर।
Diya Kumari Reviews Women and Child Welfare Schemes in Rajasthan : राजस्थान में महिला सशक्तिकरण और बच्चों के बेहतर भविष्य को लेकर सरकार ने योजनाओं की समीक्षा तेज कर दी है। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को शासन सचिवालय में महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता विभाग की बैठक हुई। इसमें महिला सम्मेलन आयोजित करने से लेकर बाल देखरेख संस्थानों में सुविधाएं बढ़ाने और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में दिया कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के सभी जिलों में महिला सम्मेलन आयोजित करवाए जाएं। इन आयोजनों के जरिए महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने और उनके सशक्तिकरण के लिए प्रभावी पहल करने पर जोर रहेगा।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 8 और 9 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के महिला एवं बाल विकास मंत्रियों ने भाग लिया था। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्यों को महिला सशक्तिकरण और बाल विकास के लिए नए प्रयोग करने की दिशा में काम करने का संदेश दिया था।
यह भी पढे : जयपुर में इंद्रिया का तीसरा स्टोर खुला, 37 हजार से ज्यादा ज्वेलरी डिजाइन उपलब्ध
इसी क्रम में दिया कुमारी ने कहा कि वह महिला विधायकों और विभागीय अधिकारियों के साथ तीन राज्यों का दौरा करेंगी। इस दौरान वहां लागू की जा रही बेहतर योजनाओं और कार्यप्रणाली का अध्ययन किया जाएगा। राजस्थान में अपनाई जा रही अच्छी पहलों को भी दूसरे राज्यों के साथ साझा किया जाएगा।
बाल अधिकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान योजनाओं, संस्थानों की भौतिक और वित्तीय प्रगति तथा वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं पर चर्चा हुई।
दिया कुमारी ने जोधपुर में संचालित जिला स्तरीय कौशल प्रशिक्षण केंद्र को राज्य स्तरीय केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को कौशल आधारित प्रशिक्षण देना जरूरी है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। सरकार का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित आवास, अच्छी शिक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
यह भी पढे : बेटियां पशुपालन और कृषि शोध में भी आगे आएं: राज्यपाल बागडे
बैठक में वर्ष 2024-25 की बजट घोषणा के तहत जयपुर में बालिका गृहों में रहने वाली छात्राओं के लिए राजकीय आवासीय विद्यालय खोलने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसे परिवर्तित स्वरूप में लागू करते हुए राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (RSLDC) के माध्यम से बालिकाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण दिलाने का प्रस्ताव है।
वहीं, वर्ष 2025-26 के बजट के तहत जयपुर में किशोर सुधार गृह बनाने की योजना की समीक्षा की गई। इसके अलावा 10 जिलों में बालिका देखरेख संस्थान स्थापित करने की घोषणा के तहत नौ जिलों में भूमि आवंटन और प्रशासनिक स्वीकृति जारी होने की जानकारी दी गई। संबंधित मामले में केंद्र सरकार से आवश्यक स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया गया है।



