निकाय चुनाव से पहले डोटासरा का बड़ा हमला

निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर चुनाव में देरी, परिसीमन, आरक्षण और नामांकन प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए। जयपुर की सफाई, ट्रैफिक और आवारा पशुओं की समस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कांग्रेस के सत्ता में आने पर स्थानीय निकायों से जुड़े कई कामों में राहत देने का दावा किया।

  • डोटासरा ने निकाय चुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
  • निकाय चुनाव में परिसीमन, आरक्षण और नामांकन पर सवाल उठाए।
  • जयपुर की सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा।

Dotasra’s major attack ahead of civic body elections : राजस्थान में निकाय चुनाव का माहौल गरमाने के साथ कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को पीसीसी वॉर रूम में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर चुनाव प्रक्रिया से लेकर जयपुर की व्यवस्थाओं तक कई सवाल उठाए।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में देरी के कारण करीब डेढ़ साल तक कई निकाय प्रशासकों के भरोसे चलते रहे, जिससे आम लोगों से जुड़े काम प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश और अवमानना की कार्रवाई के बाद सरकार को चुनाव कराने की दिशा में आगे बढ़ना पड़ा।

यह भी पढ़ें ; जयपुर की 19 पंचायत समितियों में प्रशासक नियुक्त

परिसीमन को लेकर भी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उनका दावा है कि नए वार्डों में आबादी का संतुलन समान नहीं रखा गया और कुछ वार्डों में करीब 10 हजार तो कुछ में 30 हजार तक की आबादी है। उन्होंने आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए इसमें मनमानी का आरोप लगाया।

डोटासरा के मुताबिक पहली बार नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं की संयुक्त लॉटरी निकाली गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 10 नगर निगमों में महापौर का कोई पद एससी-एसटी के लिए आरक्षित नहीं हुआ, जबकि एक पद ओबीसी के लिए आरक्षित किया गया। उनका आरोप है कि एससी-एसटी आरक्षण को नगर पालिकाओं तक सीमित कर दिया गया।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टी के टिकट वितरण का आंकड़ा भी सामने रखा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने 40 वर्ष से कम उम्र के 49.33 प्रतिशत, ओबीसी के 48.85 प्रतिशत, एससी के 21.81 प्रतिशत, एसटी के 5.23 प्रतिशत और महिलाओं के 35.90 प्रतिशत उम्मीदवारों को टिकट दिया है।

जयपुर की बदहाल व्यवस्थाओं पर निशाना

डोटासरा ने जयपुर की स्थानीय समस्याओं को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने सड़कों पर गड्ढों, ट्रैफिक जाम और कचरे के साथ बंदर, सुअर और आवारा कुत्तों की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने स्टैच्यू सर्किल जैसे प्रमुख इलाके में स्ट्रीट लाइट बंद रहने का आरोप लगाते हुए शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए।

यह भी पढ़ें ; ‘रिंग में उतरते ही दर्द भूल जाती हूं’… कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट अरुंधति चौधरी ने बांटी सफलता की मूलमंत्र

सफाईकर्मियों की भर्ती को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा। डोटासरा ने कहा कि 23 हजार से अधिक पदों की घोषणा के बावजूद तीन साल में भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने दावा किया कि नई भर्ती की शर्तों के चलते अब तक करीब चार हजार आवेदन ही आए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रत्येक निकाय में हर साल सफाईकर्मियों की भर्ती की जाएगी और घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा।

500 रुपये में पट्टा देने का वादा

डोटासरा ने कांग्रेस की ओर से स्थानीय निकायों को लेकर कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में लौटती है तो 500 रुपये में मकान का पट्टा देने की व्यवस्था जारी रखी जाएगी। नामांतरण शुल्क में दी जा रही राहत को भी बरकरार रखने का दावा किया।

उन्होंने सीसी रोड, ड्रेनेज, सीवरेज और एसटीपी के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही विकास कार्यों की स्थिति और लोगों की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का वादा भी किया।

मेट्रो डीपीआर पर भी सवाल

जयपुर मेट्रो की नई डीपीआर में किए गए बदलावों को लेकर भी डोटासरा ने सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि डीपीआर में बदलाव से परियोजना की लागत बढ़ सकती है और मेट्रो संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने इस मामले में मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

नामांकन को लेकर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने बीकानेर, मालपुरा, नाथद्वारा, पाली और भीलवाड़ा में कांग्रेस तथा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कुछ स्थानों पर नामांकन प्रक्रिया में भेदभाव किया गया।

आदर्श नगर के वार्ड टिकट विवाद पर डोटासरा ने कहा कि सामने आए तथ्यों की जांच की जाएगी। उन्होंने पार्टी के भीतर टिकट वितरण को लेकर पैदा हुए मतभेदों को बातचीत से सुलझाने की बात कही। साथ ही अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे बागियों पर कार्रवाई के संकेत भी दिए।

यह भी पढ़ें ; ‘डोटासरा को हो गया है बीजेपी-संघ का फोबिया’, मदन राठौड़ का कांग्रेस पर तीखा सियासी हमला

डोटासरा ने अंत में दावा किया कि निकाय चुनाव में कांग्रेस मजबूत प्रदर्शन करेगी और बड़ी जीत हासिल करेगी। उनके बयानों से साफ है कि चुनावी मुकाबले के साथ राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होने वाला है।

Related Articles

Back to top button