जयपुर। इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (आईएनओ) की राजस्थान प्रदेश इकाई का वर्ष 2025-26 के लिए तीन वर्षों की अवधि हेतु पुनर्गठन किया गया है। इस पुनर्गठन के तहत राजस्थान सरकार के पूर्व उप शासन सचिव डॉ. पी. डी. पारीक को राजस्थान प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। यह महत्वपूर्ण घोषणा आईएनओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनन्त बिरादार ने पद्मश्री जयप्रकाश अग्रवाल (संस्थापक, सूर्या फाउंडेशन एवं आईएनओ) की सहमति से रविवार को जयपुर स्थित योग पीस संस्थान में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान की। बैठक में प्रदेशभर से योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भाग लिया।
नई कार्यकारिणी में डॉ. पारीक के साथ वरिष्ठ योगाचार्य ढाकाराम को प्रदेश अध्यक्ष, योगाचार्य डॉ. विक्रम मेनारिया को जनरल सेक्रेटरी तथा डॉ. देवाराम काकड़ को प्रदेश कन्वीनर नियुक्त किया गया है।बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, विस्तार और भावी दिशा को लेकर विभिन्न सुझावों पर चर्चा हुई। डॉ. बिरादार ने बताया कि आईएनओ वर्तमान में देश के 32 राज्यों सहित 15 देशों में सक्रिय रूप से कार्यरत है और संस्था का मुख्य उद्देश्य योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से जनमानस को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा इससे जुड़े स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश की जिला व राज्य स्तरीय पूर्ण कार्यकारिणी की घोषणा इसी माह कर दी जाएगी, जिससे संगठन की गतिविधियों को और अधिक मजबूती व गति मिलेगी। इस पुनर्गठन को आईएनओ के विस्तार और उसकी प्रभावशीलता बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें ; बाल पार्षदों की निगम सभा के मुख्य अतिथि होंगे झाबर सिंह खर्रा