उत्तर मध्य रेलवे को मिले नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, डॉ. शिवम शर्मा ने संभाली जिम्मेदारी

भारतीय रेलवे यातायात सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण किया है। प्रशासन, परिचालन, खेल प्रबंधन और जनसंपर्क का व्यापक अनुभव रखने वाले डॉ. शर्मा पहले भी इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनसे रेलवे की संवाद व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

  • डॉ. शिवम शर्मा ने मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का कार्यभार संभाला।
  • उत्तर मध्य रेलवे में दूसरी बार मिली मुख्य जनसंपर्क अधिकारी की जिम्मेदारी।
  • डॉ. शिवम शर्मा प्रशासन और रेलवे संचालन का व्यापक अनुभव रखते हैं।

North Central Railway gets a new Chief Public Relations Officer : उत्तर मध्य रेलवे में प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी शशिकांत त्रिपाठी के मुख्य यातायात योजना प्रबंधक पद पर पदोन्नत होने के बाद संभाली है।

यह भी पढ़ें ; सहकारी बैंकों की रैंकिंग जारी, सीकर और नीमोद बने प्रदेश के नंबर-1

डॉ. शिवम शर्मा इससे पहले प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। रेलवे प्रशासन और परिचालन प्रबंधन में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें एक बार फिर मुख्य जनसंपर्क अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वर्ष 2021-22 में भी वे इसी पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

रेलवे सेवा के दौरान उन्होंने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उप मुख्य दावा अधिकारी और टूंडला मंडल में मंडल ट्रैफिक मैनेजर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उप मुख्य दावा अधिकारी रहते हुए प्रयागराज में रेलवे दावा अधिकरण की पीठ स्थापित कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके लिए उन्हें अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा सम्मानित भी किया गया था।

रेलवे के अलावा डॉ. शर्मा ने प्रतिनियुक्ति पर भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। करीब तीन वर्षों तक उन्होंने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला में निदेशक और बाद में सोनीपत स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र में क्षेत्रीय निदेशक के रूप में कार्य किया। इस दौरान खेलों के विकास से जुड़ी कई योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया।

वर्ष 2024 में आयोजित पेरिस ओलंपिक के दौरान भी डॉ. शिवम शर्मा भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे। खेल प्रशासन और रेलवे प्रबंधन दोनों क्षेत्रों में उनके अनुभव को उनकी प्रमुख उपलब्धियों में माना जाता है।

यह भी पढ़ें ; ‘मातृ सेतु’ से छात्राओं को मिला नया संबल, मणिपाल यूनिवर्सिटी की अनूठी पहल

डॉ. शिवम शर्मा वर्ष 2011 बैच के भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) अधिकारी हैं। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उत्तर मध्य रेलवे में उन्हें ऊर्जावान, कुशल और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में जाना जाता है।

Related Articles

Back to top button