MSME को बड़ी राहत! ECLGS 5.0 योजना से कारोबार को मिलेगी नई ताकत
जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम में आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना (ECLGS 5.0) के लाभों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने योजना को वैश्विक चुनौतियों के बीच एमएसएमई क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सहारा बताया। कार्यक्रम में उद्यमियों को योजना की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई।
- ECLGS 5.0 योजना को MSME क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताया गया।
- MSME उद्यमियों को वित्तीय सहायता और कारोबार की निरंतरता पर जोर दिया गया।
- ECLGS 5.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बैंकों और संस्थानों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
ECLGS 5.0 scheme to give a new boost to businesses ; जयपुर में बुधवार को राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की ओर से आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना (ECLGS 5.0) पर राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा के संयोजन में हुए इस कार्यक्रम में सरकार, बैंकिंग क्षेत्र और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर योजना के महत्व और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक की समयबद्ध नीतियों के कारण बाहरी संकटों का असर सीमित रहा है। उनके अनुसार ECLGS 5.0 विशेष रूप से एमएसएमई क्षेत्र को तरलता (लिक्विडिटी) संबंधी कठिनाइयों से उबारने और उद्योगों की गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल वित्तीय सहायता देना नहीं, बल्कि रोजगार की सुरक्षा, उत्पादन की निरंतरता और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाए रखना भी है। उन्होंने बैंकों से योजना को अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने और उद्यमियों से इसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान ने रचा नया रिकॉर्ड, 1000 मेगावाट रूफटॉप सोलर का ऐतिहासिक मुकाम
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा की महाप्रबंधक एवं एसएलबीसी राजस्थान की संयोजक परिमिता मिश्रा ने कहा कि ECLGS 5.0 आर्थिक पुनरुत्थान को गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बैंकिंग संस्थानों से पात्र उद्यमियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी RITI सत्येन्द्र कुमार ने भी सभी संबंधित संस्थानों से मिलकर योजना को सफल बनाने की जरूरत बताई। कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई उद्यमियों की सफलता की कहानियां साझा की गईं और पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए। साथ ही NCGTC और PSB Alliance की टीम ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
यह भी पढ़ें ; 75 साल की विधानसभा यात्रा : ऐतिहासिक कानूनों पर गूंजा लोकतंत्र का मंथन
कार्यक्रम में भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग की उप सचिव गरिमा कपूर ने ऑनलाइन संबोधन के जरिए योजना की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। अंत में भारतीय रिजर्व बैंक के उप महाप्रबंधक राव क्षितिजराज सिंह ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न सार्वजनिक और निजी बैंकों के प्रतिनिधि, वित्तीय संस्थानों के अधिकारी, उद्यमी और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।



