अलवर में शिक्षा मंत्री दिलावर का बड़ा ऐलान, 24 करोड़ के स्कूल भवनों का लोकार्पण
अलवर दौरे पर पहुंचे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने 24.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सात सरकारी विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने स्कूलों का निरीक्षण कर बच्चों के साथ पोषाहार खाया, शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, साफ-सफाई, स्कूल मरम्मत व शिक्षकों की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
- अलवर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने 24 करोड़ से अधिक लागत के सरकारी स्कूल भवनों का लोकार्पण किया।
- स्कूल निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ पोषाहार खाकर शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
- गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्कूल मरम्मत और साफ-सफाई को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश।
Education Minister Dilawar’s major announcement in Alwar : शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को अलवर जिले के दौरे के दौरान सरकारी स्कूलों में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रैणी तहसील सहित कई क्षेत्रों में पहुंचकर शिक्षा व्यवस्थाओं को देखा और विद्यार्थियों से संवाद किया।

मंत्री दिलावर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ईशवाना के नवनिर्मित भवन और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पिनान टाइप-3 सहित कुल सात विद्यालयों के नए भवनों का लोकार्पण किया। इन भवनों के निर्माण पर कुल 24.09 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत सुविधाएं विद्यार्थियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यह भी पढ़ें ; युवती मौत मामले में सियासत तेज, धरने पर परिवार
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ पोषाहार, पाठ्य पुस्तकें, यूनिफॉर्म, साइकिल, स्कूटी, लैपटॉप और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
1 अप्रैल से शुरू हुआ नया शैक्षणिक सत्र
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के हित में प्रदेश में पहली बार 1 अप्रैल से शैक्षणिक सत्र शुरू किया गया। इसके चलते स्कूलों में समय पर पढ़ाई शुरू हुई और अब तक पाठ्यक्रम का एक बड़ा हिस्सा पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम भी मार्च में जारी किए गए और विद्यार्थियों को समय पर किताबें उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने जानकारी दी कि अलवर जिले के सरकारी विद्यालयों की मरम्मत के लिए 20 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। साथ ही प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
चिमरावली सिक्ख स्कूल में सरस्वती प्रतिमा का अनावरण
दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री ने चिमरावली सिक्ख स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मां सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की। इसके अलावा गांव में स्ट्रीट लाइट लगाने, नालियों के निर्माण और नियमित सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
विद्यालय में शिक्षकों की कमी की शिकायत मिलने पर मंत्री ने मौके से ही मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद विद्यालय में तीन शिक्षकों की कार्य व्यवस्था के आदेश जारी किए गए।
गांवों में सफाई व्यवस्था पर जोर
मदन दिलावर ने ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक ग्राम पंचायत को सफाई व्यवस्था के लिए प्रतिमाह एक लाख रुपये उपलब्ध करा रही है। ग्रामीणों को भी जागरूक होकर अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। साथ ही ईशवाना गांव के बस स्टैंड पर शौचालय निर्माण कराने के निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़ें ; जनजातीय योजनाओं पर उइके का फोकस, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के निर्देश
इन स्कूल भवनों का हुआ लोकार्पण
शिक्षा मंत्री ने ईशवाना विद्यालय भवन (4.49 करोड़ रुपये), कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पिनान टाइप-3 (2.10 करोड़ रुपये) सहित जमालपुर, मानकपुर गोठड़ी, सहजपुर, बंजीरका, महुआ खुर्द, नंगला, चांदौली और मातोर के विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही पिनान स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में खेल मैदान के लिए भूमि उपलब्ध कराने और चारदीवारी निर्माण के निर्देश दिए गए। मंत्री ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।



