झुंझुनूं में दर्दनाक हादसा : हाईटेंशन लाइन से टकराई मिक्सर मशीन, करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। छापोली गांव में बजरी मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे मौके पर काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य झुलस गए। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। -
- झुंझुनूं में दर्दनाक हादसा : सड़क निर्माण के दौरान 8 मजदूरों की मौत, 5 गंभीर रूप से झुलसे।
- कंक्रीट मिक्सर मशीन के हाईटेंशन लाइन से टकराने के कारण दौड़ा 11 केवी का हाईवोल्टेज करंट।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये अनुग्रह राशि का ऐलान।
Tragic accident in Jhunjhunu : जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान बिजली का करंट फैलने से आठ मजदूरों की जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। करंट की चपेट में आए पांच अन्य लोग भी बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए उदयपुरवाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा छापोली-कदंब कुंड मार्ग पर सीकर-नीमकाथाना स्टेट हाईवे से करीब 150 मीटर की दूरी पर हुआ। यहां सड़क निर्माण के लिए रोड़ी-बजरी मिलाने वाली मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन को दूसरी जगह ले जाने के लिए मजदूर उसे धक्का दे रहे थे। तभी मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। मशीन में करंट फैलते ही आसपास मौजूद श्रमिक उसकी चपेट में आ गए।
यह भी पढ़ें ; एमवे का बड़ा विस्तार प्लान, 3-4 साल में खुलेंगे नए स्टोर
उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल ने बताया कि बिजली का तार मशीन के हाइड्रोलिक जैक से छू गया था। इससे यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।
एक ही परिवार के चार लोगों की गई जान
इस हादसे में हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) की मौत हो गई। ये चारों एक ही परिवार से थे। इसके अलावा छापोली निवासी विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) ने भी करंट लगने से दम तोड़ दिया।
हादसे में छापोली निवासी महेंद्र सैनी, गीता देवी (45), संतरा देवी (35), गिदाराम सैनी (45) और मंजू देवी (38) झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप, ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में बिजली के खंभों और तारों की स्थिति ठीक नहीं है। कुछ जगहों पर बिजली की लाइनें पेड़ों के संपर्क में भी हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली सप्लाई बंद करवाने के लिए ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) पर फोन किया गया था, लेकिन वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। हादसे में घायल गिदाराम सैनी ने बताया कि मशीन को धक्का देकर दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वह बिजली के तार से छू गई और करंट फैल गया। उनके मुताबिक, उस समय मौके पर करीब 12 से 13 लोग मौजूद थे।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने घटनास्थल पर जिला कलेक्टर को बुलाने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
कलेक्टर और एसपी पहुंचे, मंत्री ने भी लिया जायजा
हादसे की सूचना पर झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर और विधायक भगवानाराम सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौके पर पहुंचे। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
यह भी पढ़ें ; बीवाईडी सीलियन 7 की 5 हजार डिलीवरी पूरी, इलेक्ट्रिक एसयूवी का बढ़ा क्रेज
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने श्रमिकों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच करने को भी कहा गया है।
पीएम मोदी और पूर्व सीएम गहलोत ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी झुंझुनूं हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की गई है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई और इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। गहलोत ने राज्य सरकार से मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और हरसंभव मदद देने की अपील की।



