दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, जयपुर में डार्क स्टोर की जांच

दीपावली से पहले राजस्थान में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जयपुर के सांगानेर स्थित फ्लिपकार्ट मिनट्स डार्क स्टोर में गंदगी, खराब भंडारण और पैकेजिंग संबंधी कमियां मिलीं। टीम ने घी और कैचअप सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। मिठाई, दूध, पनीर और अन्य उत्पादों की भी जांच की गई।

  • शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान : दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती बढ़ी।
  • सांगानेर में गंदगी, भंडारण और पैकेजिंग से जुड़ी अनियमितताएं मिलीं।
  • मिठाई, दूध और घी की जांच : जयपुर में कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

Crackdown on adulterators before Diwali : दीपावली के त्योहार पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए राजस्थान में खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत मिठाई की दुकानों, दूध-पनीर विक्रेताओं और डार्क स्टोर्स का निरीक्षण किया जा रहा है।

दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, जयपुर में डार्क स्टोर की जांच
Image Source : Via Dipr

इसी कड़ी में शिकायत मिलने पर सांगानेर स्थित फ्लिपकार्ट मिनट्स डार्क स्टोर की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान चिलर रूम में गंदगी, खाद्य सामग्री रखने की व्यवस्था में कमियां और कुछ उत्पादों के क्षतिग्रस्त पैकेट मिले। कुछ उत्पादों की सामग्री सूची पर बारकोड स्टिकर भी चिपके हुए पाए गए। टीम ने क्षतिग्रस्त पैकेजिंग वाले उत्पाद नष्ट करवाए और रिच देसी घी तथा सुरभि टोमेटो कैचअप के नमूने लिए। स्टोर प्रबंधन को साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और सही लेबलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें ; केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन का इस्तीफा, तमिलनाडु में BJP को मजबूत करने पर फोकस

प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय दल और जयपुर-I तथा जयपुर-II की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान मिठाई, खाद्य तेल, बेसन, आटा, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने जुटाए गए।

मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच

जयपुर-I की टीम ने रावत मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई, अखरोट बर्फी, मक्खन बड़ा, खाद्य तेल और समोसे के नमूने लिए। इसके साथ ही वैशाली नगर में दूध भंडारों और जयपुर के पनीर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया गया।

वहीं, जयपुर-II की टीम ने मोहननी इंडस्ट्रीज से बेसन और आटे के नमूने लिए। जेप्टो डार्क स्टोर से सरस घी और बेसन के लड्डू, सोडाणी स्वीट्स से इमरती, रघुनंदन स्वीट्स से मावा मिठाई तथा श्याम एंड कंपनी से घी का नमूना लिया गया। राजवाड़ी कचौरी में इस्तेमाल हो रहे खाद्य तेल और आइस स्पाइस से पैटीज का नमूना भी जांच के लिए जुटाया गया। पैकेजिंग में मिली कमियों को लेकर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

विद्यार्थियों को भी दी गई खाद्य सुरक्षा की जानकारी

खाद्य सुरक्षा अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है। जयपुर के सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब और मिलेट्स यानी श्रीअन्न के स्टॉल के जरिए विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं संतुलित खान-पान की जानकारी दी गई। उन्हें खाद्य पैकेट पर लिखी सामग्री और अन्य जरूरी जानकारियां पढ़ने के साथ श्रीअन्न के पोषण संबंधी फायदों के बारे में भी बताया गया।

अतिरिक्त आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण भगवत सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाई, मावा, दूध, पनीर, घी और दूसरे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। खाद्य कारोबारियों के लिए साफ-सफाई बनाए रखना और निर्धारित मानकों का पालन करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें; गुलाबी नगरी में राजस्थानी रंग में रंगे आयुष्मान और सारा, ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन में मचाया धमाल

विभाग के अनुसार, जांच के दौरान लिए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपावली तक निरीक्षण और नमूने लेने का अभियान जारी रहेगा। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय पैकेट की स्थिति, लेबल और समाप्ति तिथि जरूर जांचें, ताकि त्योहार के दौरान मिलावटी या असुरक्षित सामग्री से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button