100 से ज्यादा महिलाओं ने कराई कैंसर जांच, जागरूकता शिविर में मिला बड़ा लाभ
जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में महिलाओं के लिए आयोजित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में 100 से अधिक महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न कैंसर जांचें मुफ्त की गईं। विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान, स्वयं परीक्षण की सही विधि और नियमित स्क्रीनिंग के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
- कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में 100 से अधिक महिलाओं ने निःशुल्क जांच कराई।
- कैंसर स्क्रीनिंग के साथ विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
- कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में शुरुआती जांच और जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
Over 100 women underwent cancer screening : महिलाओं में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय रहते बीमारी की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झोटवाड़ा स्थित शीट कमल प्राइवेट लिमिटेड परिसर में निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। संतोकबा दुर्लभजी मेमोरियल हॉस्पिटल (एसडीएमएच) के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ सलाह का लाभ लिया।

शिविर के दौरान मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग की डॉ. अनुश्री चतुर्वेदी और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बिरेंद्रजीत कौर ने महिलाओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार सीबीसी, पैप स्मीयर, मैमोग्राफी, CA-125 और चेस्ट एक्स-रे सहित कई महत्वपूर्ण कैंसर स्क्रीनिंग जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

विशेषज्ञों ने महिलाओं को ब्रेस्ट सेल्फ एग्जामिनेशन (स्वयं स्तन परीक्षण) की सही प्रक्रिया भी समझाई। उन्होंने बताया कि नियमित स्वयं परीक्षण और समय-समय पर स्क्रीनिंग कराने से स्तन कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान संभव हो जाती है, जिससे उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है।
यह भी पढ़ें ; ‘खबरों के इर्द-गिर्द’ का लोकार्पण, तीन दशक के जनसम्पर्क अनुभव अब किताब में
डॉक्टरों ने महिलाओं से अपील की कि शरीर में किसी भी असामान्य बदलाव या लक्षण को नजरअंदाज न करें और आवश्यकता महसूस होने पर तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करें। उनका कहना था कि समय पर जांच ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
यह भी पढ़ें ; महिला सशक्तिकरण पर गरमाई सियासत, मदन राठौड़ का गहलोत पर तीखा पलटवार
आयोजकों के अनुसार यह शिविर केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं को कैंसर के प्रति जागरूक बनाने और “शुरुआती जांच, जीवन बचाए” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



