सरनेम चुराने से परिपक्वता नहीं आती… राहुल गांधी पर बरसे गजेंद्र सिंह शेखावत
जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राहुल गांधी के बयान पर जोरदार पलटवार करते हुए कहा कि केवल सरनेम अपना लेने से विरासत या समझदारी नहीं मिलती। इसके साथ ही उन्होंने नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के हाइब्रिड मॉडल और हालिया रातानाडा पुलिस थाने में हुए पॉलिटिकल ड्रामे को लेकर विपक्ष को आड़े हाथों लिया।
- गजेंद्र सिंह शेखावत ने राहुल गांधी पर कसा तंज, कहा- सरनेम चुराने से विरासत और परिपक्वता नहीं आती।
- नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की रणनीति पर बोले शेखावत, जनता अपना फैसला पहले ही दे चुकी है।
- रातानाडा थाने के राजनीतिक ड्रामे पर हमला, कांग्रेस के हथकंडों को बताया हवा-हवाई।
Gajendra Singh Shekhawat lashed out at Rahul Gandhi : जोधपुर में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने शहर के हालिया घटनाक्रम पर तंज कसा। दो दिन पहले रातानाडा थाने में देर रात हुए राजनीतिक हंगामे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक माहौल गरमाने के लिए झूठ और अफवाहों का सहारा ले रही है। रात के अंधेरे में जो हाई-वोल्टेज ड्रामा रचा गया था, वह सुबह होते-होते पूरी तरह फुस्स साबित हुआ। जनता अब ऐसी चालबाजियों को अच्छी तरह समझने लगी है।
यह भी पढ़ें ; पैपराजी पर भड़के सलमान खान
नगर निगम चुनाव में राजेंद्र सोलंकी को हाइब्रिड मॉडल से उम्मीदवार बनाए जाने के मुद्दे पर शेखावत ने कहा कि यह सब नियम-कायदों के तहत ही हो रहा है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में शायद ऐसे ही मौकों का फायदा उठाने के लिए नियमों में बदलाव किए थे। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि जोधपुर के मतदाता और निर्वाचित प्रतिनिधि पहले ही अपना जनादेश दे चुके हैं, जिसे किसी राजनीतिक पैंतरेबाज़ी से बदला नहीं जा सकता।
यह भी पढ़ें ; छोटी काशी में राधाष्टमी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, दुर्लभ चरण दर्शन पाकर निहाल हुए भक्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए शेखावत ने इसे बेहद गैर-जिम्मेदाराना और निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर इस तरह का आचरण राहुल गांधी की पुरानी आदत रही है। गांधी उपनाम पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई किसी का सरनेम तो अपना सकता है, लेकिन उस नाम के साथ आने वाला उत्तरदायित्व, परिपक्व आचरण और समृद्ध विरासत को चुराया नहीं जा सकता।



