बालिका सैनिक स्कूलों को मिलेगा नया रूप

राजस्थान में बालिका सैनिक विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी शुरू हो गई है। बीकानेर और सीकर के विद्यालयों के लिए करीब 65.24 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट प्रस्तावित किया गया है। यहां स्मार्ट कक्षाओं, आधुनिक हॉस्टल, प्रयोगशालाओं और खेल सुविधाओं के साथ सिंथेटिक ट्रैक व ग्रीन टर्फ मैदान विकसित किए जाएंगे, ताकि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण मिल सके।

  • बालिका सैनिक विद्यालयों के लिए 65.24 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट प्रस्ताव।
  • बीकानेर और सीकर में आधुनिक हॉस्टल, लैब और स्मार्ट क्लास विकसित होंगी।
  • बालिका सैनिक स्कूलों में सिंथेटिक ट्रैक और ग्रीन टर्फ खेल परिसर बनेगा।

Girls’ Sainik Schools to get a new look : राजस्थान में बालिकाओं को बेहतर शिक्षा के साथ सैन्य सेवाओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। बीकानेर और सीकर में संचालित बालिका सैनिक विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने के लिए करीब 65.24 करोड़ रुपये के संशोधित अतिरिक्त बजट प्रस्ताव को तैयार किया गया है।

बालिका सैनिक स्कूलों को मिलेगा नया रूप
Image Source : Via Dipr

इस संबंध में शासन सचिवालय में मंगलवार को स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश कुमार यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बीकानेर के जयमलसर स्थित पूज्या रामीदेवी रामनारायण राठी राजकीय बालिका सैनिक विद्यालय और सीकर के मोहनपुरा, दातारामगढ़ स्थित महाराव शेखाजी राजकीय बालिका सैनिक विद्यालय के विकास, संचालन और आधारभूत ढांचे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें ; 181 हेल्पलाइन केंद्र पहुंचीं डोरा आयुक्त, ऑन-द-स्पॉट सुलझीं आम जनता की शिकायतें

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि दोनों विद्यालयों को मौजूदा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मॉडल की जगह झुंझुनूं और चित्तौड़गढ़ के सैनिक विद्यालयों की तर्ज पर विकसित किया जाए। इसके लिए निदेशक, माध्यमिक शिक्षा को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। सरकार का फोकस यहां पढ़ाई के साथ आवासीय और खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर है।

65.24 करोड़ रुपये का बजट प्रस्ताव

दोनों विद्यालयों में भवन, आधारभूत सुविधाओं, आधुनिक शिक्षण संसाधनों और खेल सुविधाओं के विकास के लिए कुल 6523.96 लाख रुपये, यानी करीब 65.24 करोड़ रुपये का संशोधित अतिरिक्त बजट प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 6279.16 लाख रुपये और आधुनिक सामग्री व ICT उपकरणों के लिए 244.80 लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है। भोजन एवं दैनिक व्यवस्थाओं के लिए 127.08 लाख रुपये प्रस्तावित हैं।

बनेंगे नए भवन और हॉस्टल

वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2028-29 के दौरान दोनों परिसरों में लाइब्रेरी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की प्रयोगशालाएं, कैंटीन, पार्किंग तथा ऑडिटोरियम विकसित करने की योजना है।

बीकानेर के विद्यालय में अकादमिक ब्लॉक, एप्रोच रोड और टॉयलेट ब्लॉक भी बनाया जाएगा। दोनों विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल और तारबंदी के साथ नए छात्रावास तैयार किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय में 40-40 बालिकाओं की क्षमता वाले नए हॉस्टल का प्रस्ताव है। बीकानेर में स्टाफ क्वार्टर भी विकसित किए जाएंगे।

इसके अलावा बीकानेर में बाउंड्रीवॉल और वाटर पाइपलाइन से जुड़े कार्य होंगे, जबकि सीकर में बाउंड्रीवॉल, गुंबद पर टिन या फाइबर शीट लगाने और विद्युत लोड को बढ़ाकर 200 किलोवाट करने का प्रस्ताव रखा गया है।

स्मार्ट क्लास और ICT सुविधाएं

बालिका सैनिक विद्यालयों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 244.80 लाख रुपये के प्रावधान का प्रस्ताव है। इसके तहत कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, UPS, करीब 2,000 पुस्तकें, प्रयोगशाला उपकरण और स्मार्ट कक्षाओं के लिए इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले खरीदे जाएंगे।

यह भी पढ़ें ; पत्र सूचना कार्यालय जयपुर को मिला प्रतिष्ठित वैजयंती राजभाषा शील्ड सम्मान

प्रस्ताव में 75 इंच के चार और 85 इंच के दो इंटरएक्टिव डिस्प्ले, पांच स्मार्ट बोर्ड, लैंडलाइन फोन, पांच वाटर कूलर और खेल सामग्री भी शामिल है। बीकानेर विद्यालय में 32 CCTV कैमरे, 100 गद्दे और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का भी प्रावधान रखा गया है।

बीकानेर में तैयार होगा आधुनिक खेल परिसर

बीकानेर के बालिका सैनिक विद्यालय में खेल सुविधाओं को भी खास तवज्जो दी जा रही है। यहां मल्टीपर्पज इंडोर गेम हॉल, वॉलीबॉल ग्राउंड, तीरंदाजी मैदान और खो-खो ग्राउंड के साथ सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट बनाने की योजना है।

इसके अलावा सिंथेटिक ट्रैक तथा हॉकी और फुटबॉल के लिए आधुनिक मैदान विकसित किए जाएंगे। प्रस्तावित हॉकी और फुटबॉल मैदानों में ग्रीन टर्फ की सुविधा भी रखी गई है। इससे बालिकाओं को नियमित अभ्यास और बेहतर खेल प्रशिक्षण के लिए अधिक सुविधाजनक माहौल मिलने की उम्मीद है।

भोजन और दैनिक जरूरतों के लिए भी बजट

दोनों विद्यालयों में प्रति विद्यालय 80 बालिकाओं की क्षमता को ध्यान में रखते हुए 10 महीने के लिए भोजन और दैनिक व्यवस्थाओं हेतु 127.08 लाख रुपये का प्रस्ताव है। इसके तहत आउटसोर्सिंग के जरिए भोजन, सफाई, वॉशरमैन और वैन या वाहन की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में विशिष्ट शासन सचिव स्कूल शिक्षा विश्वमोहन शर्मा, संयुक्त शासन सचिव वित्त प्रताप सिंह, संयुक्त शासन सचिव PHED सक्षम गौड़, डिप्टी कमिश्नर KGBV सेल वर्षा मीणा सहित ऊर्जा, पंचायतीराज, JVVNL और RSRDC से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें ; ई-गाड़ियों की एंट्री से जेडीए में बड़ा बदलाव, अधिकारियों के लिए बने खास चार्जिंग पॉइंट

सरकार की इस योजना से दोनों विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ खेल, आवास और डिजिटल शिक्षा की सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर बीकानेर में प्रस्तावित आधुनिक खेल परिसर सैनिक विद्यालय की छात्राओं के लिए प्रशिक्षण के नए अवसर खोल सकता है।

Related Articles

Back to top button