राजस्थान में बारिश का जोर, जयपुर भी तरबतर

राजस्थान में सोमवार को मानसून ने कई इलाकों में जोर दिखाया। जयपुर समेत करीब एक दर्जन शहरों में हल्की से भारी बारिश हुई, जबकि डीग के सीकरी में 102 मिमी यानी चार इंच से ज्यादा पानी बरसा। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में 25-26 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

  • राजस्थान बारिश में जयपुर समेत कई शहरों में तेज बरसात
  • जयपुर बारिश से सड़कों पर पानी भरा, लोगों को मिली गर्मी से राहत
  • मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट बताया

Heavy Rain Hits Jaipur and Several Rajasthan Cities: जयपुर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होती नजर आ रही हैं। सोमवार को जयपुर सहित प्रदेश के करीब एक दर्जन शहरों में बारिश हुई। कहीं हल्की फुहारें पड़ीं तो कुछ इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कें पानी से भर गईं। डीग के सीकरी में सबसे ज्यादा 102 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो चार इंच से अधिक है।

जलसंसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सीकरी के अलावा जुरहरा में 67, नगर में 64 और कांमा में 60 मिमी बारिश हुई। अलवर के मालाखेड़ा में 79 और गोविंदगढ़ बांस में 77 मिमी, जबकि खैरथल-तिजारा के हरसोली में 87 और किशनगढ़ बांस में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई।

जयपुर में भी करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में करीब सवा इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। कलेक्ट्रेट पर 28, सांगानेर में 25, जालसू में 24, आमेर में 12 और चाकसू में 11 मिमी बारिश दर्ज हुई।

यह भी पढ़ें:सोने-चांदी की चमक पड़ी फीकी

बारिश के साथ चली हवाओं ने जयपुर के तापमान में भी गिरावट ला दी। दिन के तापमान में करीब दो डिग्री की कमी आई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद लोगों को उमस और तेज गर्मी से राहत मिली।

कई जिलों में जलभराव से परेशानी

अलवर, धौलपुर, करौली, भरतपुर, दौसा और खैरथल-तिजारा सहित कई जिलों में बारिश का असर जनजीवन पर भी दिखाई दिया। अलवर में बच्चों को पानी के बीच से स्कूल जाते देखा गया। धौलपुर के बाड़ी में सुबह 8 बजे तक 44 मिमी बारिश दर्ज हुई।

करौली के हिंडौनसिटी बाजार में पानी भरने के बाद कई व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं। भरतपुर के नदबई में बारिश के दौरान मीरा कॉलोनी में एक मकान की दीवार गिर गई। वहीं खैरथल-तिजारा में करीब चार घंटे बारिश हुई, जिससे खैरथल अंडरपास में करीब सात फीट पानी भर गया। इसके बाद यहां यातायात रोकना पड़ा। किशनगढ़बास में भी बाजारों, सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी।

25-26 अगस्त को बढ़ सकती है बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तरी ओडिशा, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के आसपास सक्रिय है। मानसून ट्रफ भी अमृतसर, निजामाबाद और कम दबाव वाले क्षेत्र से होकर गुजर रही है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग में 25-26 अगस्त को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले एक सप्ताह तक मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है। सीमावर्ती इलाकों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

इससे एक दिन पहले रविवार को भी पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 4-5 जगह भारी बारिश दर्ज की गई थी। भरतपुर के कुम्हेर में सबसे ज्यादा 95 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई थी।

Related Articles

Back to top button