राजस्थान के सरकारी स्कूलों में लौटी रौनक, 5 साल बाद नामांकन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

राजस्थान में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास अब नतीजे दिखाने लगे हैं। राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान के तहत पांच साल बाद पहली बार सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़कर 72.98 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं, बेहतर परिणाम देने वाले शिक्षकों को स्टार टीचर पहल के जरिए सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

  • राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान के असर से 5 साल बाद सरकारी स्कूलों में नामांकन का बना नया रिकॉर्ड।
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेटियों के प्रवेश पर विशेष जोर।
  • स्टार टीचर पहल के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को हर महीने डिजिटल सर्टिफिकेट से सम्मान।

Vibrancy returns to government schools in Rajasthan : राजस्थान के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या ने शिक्षा विभाग को नई उम्मीद दी है। पिछले पांच वर्षों से नामांकन में सुधार की चुनौती से जूझ रही सरकारी शिक्षा व्यवस्था में अब सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। जुलाई 2026 तक प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 72,98,854 हो गई है। पिछले शैक्षणिक सत्र की तुलना में यह 48,358 अधिक है।

इस बदलाव के पीछे राज्य सरकार के राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान और शिक्षा विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों को अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव के निर्देशन में कई नवाचार किए जा रहे हैं। इनमें विद्यार्थियों को स्कूलों से जोड़ने के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर है।

8 स्कूलों के 15 शिक्षक बने पहले स्टार टीचर

शिक्षकों के बेहतर काम को पहचान देने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने अक्टूबर में ‘स्टार टीचर’ पहल शुरू की। इसके तहत 26 अक्टूबर को जारी पहली सूची में प्रदेश के आठ सरकारी विद्यालयों के 15 शिक्षकों को राजस्थान का पहला स्टार टीचर चुना गया है। इस पहल का उद्देश्य बेहतर शैक्षणिक परिणाम देने और पढ़ाने के नए तरीके अपनाने वाले शिक्षकों का मनोबल बढ़ाना है।

यह भी पढ़ें ; सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर जयपुर में होगा भव्य आयोजन, युवाओं के लिए खास तैयारी

चयन के लिए दो प्रमुख आधार तय किए गए थे। पहला, मार्च 2026 में आयोजित कॉम्पिटेंसी बेस्ड असेसमेंट (CBA) के परिणाम। इसके आधार पर प्रत्येक संभाग के बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों से 11 शिक्षकों को चुना गया। इन शिक्षकों ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

दूसरी श्रेणी में नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने वाले चार शिक्षकों का चयन किया गया। इन शिक्षकों ने कठिन विषयों को आसान तरीके से समझाने, शैक्षणिक खेलों और टीचिंग लर्निंग मटेरियल (TLM) के रचनात्मक इस्तेमाल से पढ़ाई को रोचक बनाया। उनके प्रस्तुत वीडियो का चार निर्धारित मानकों पर कुल 20 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया।

चयनित शिक्षकों को शिक्षक ऐप के माध्यम से डिजिटल प्रमाण पत्र दिए गए हैं। उनकी सूची शाला दर्पण पोर्टल पर भी उपलब्ध कराई गई है। विभाग अब हर महीने उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन कर उन्हें सम्मानित करेगा।

शिक्षा सेतु अभियान से स्कूलों तक पहुंचेंगे छूटे हुए बच्चे

सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के साथ शिक्षा से दूर रह गए बच्चों को दोबारा पढ़ाई से जोड़ने के लिए राजस्थान शिक्षा सेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसे दो चरणों में शुरू किया गया है। अभियान के तहत प्रत्येक स्कूल के प्रधानाचार्य एक शिक्षक को एक ऐसे बच्चे की जिम्मेदारी सौंपते हैं, जो अभी तक शिक्षा की मुख्यधारा से नहीं जुड़ पाया है। शिक्षक बच्चे के परिवार से संपर्क कर उसका स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित करने का प्रयास करते हैं।

अभियान की निगरानी के लिए शाला दर्पण पोर्टल और डैशबोर्ड का उपयोग किया जा रहा है। ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी (CBEO) हर 15 दिन में प्रगति की समीक्षा करते हैं, जबकि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (CDEO) भी लगातार निगरानी रखते हैं। जिला कलेक्टर के स्तर पर हर महीने अभियान की समीक्षा की जाती है।

इस अभियान में बालिकाओं, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों, प्रवासी परिवारों, बाल श्रमिकों, आदिवासी और घुमंतू समुदायों के बच्चों पर खास ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।

सरकारी स्कूलों में बेटियों की संख्या बेटों से ज्यादा

नामांकन के आंकड़ों में बालिका शिक्षा को लेकर भी उत्साहजनक तस्वीर सामने आई है। जुलाई 2026 तक सरकारी स्कूलों में 38,92,355 बालिकाएं और 34,06,486 बालक नामांकित हैं। कुल विद्यार्थियों में बालिकाओं की हिस्सेदारी 53.3 प्रतिशत और बालकों की 46.7 प्रतिशत है।

इस वर्ष सरकारी विद्यालयों में बालिकाओं की संख्या बालकों से करीब 4.86 लाख अधिक रही। आंकड़ों के मुताबिक, प्रत्येक 1,000 बालकों पर 1,143 बालिकाएं नामांकित हैं। इसे प्रदेश में बेटियों की शिक्षा के प्रति बढ़ते भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान में टैक्स कलेक्शन का ऑल-टाइम रिकॉर्ड टूटा, अक्टूबर 2026 में जुटाए गए 7,047 करोड़ से अधिक

जिलों की बात करें तो बांसवाड़ा में सबसे अधिक 11,939 विद्यार्थियों की नामांकन वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद उदयपुर में 9,448, बाड़मेर में 5,937, जालोर में 5,485 और सिरोही में 4,295 की बढ़ोतरी हुई। जिन जिलों में नामांकन घटा है, वहां ड्रॉपआउट रोकने और विद्यार्थियों को स्कूलों से जोड़े रखने के लिए विशेष समीक्षा की जा रही है।

शिक्षा विभाग की रणनीति अब दो मोर्चों पर काम कर रही है। एक तरफ बेहतर पढ़ाने वाले शिक्षकों को सम्मान और प्रोत्साहन दिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने की कोशिश हो रही है। विभाग को उम्मीद है कि इन प्रयासों से सरकारी स्कूलों में नामांकन के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में भी लगातार सुधार आएगा।

Related Articles

Back to top button