आयकर विभाग का बड़ा मंथन : टैक्स सिस्टम को आसान बनाने जयपुर में जुटे देश के शीर्ष अधिकारी
जयपुर में आयकर विभाग के शीर्ष अधिकारियों का दो दिवसीय कॉन्क्लेव 18 अगस्त को संपन्न हुआ। सीबीडीटी अध्यक्ष रवि अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में करदाता सेवाओं, टीडीएस प्रशासन, मुकदमेबाजी, डिजिटल व्यवस्था, मानव संसाधन, क्षमता निर्माण और विभागीय ढांचे से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने चुनौतियों और भविष्य की प्राथमिकताओं पर सुझाव साझा कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।
- जयपुर कॉन्क्लेव में आयकर विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने मंथन किया।
- करदाता सेवाओं और टीडीएस प्रशासन को बेहतर बनाने पर जोर।
- सीबीडीटी ने भविष्य की प्राथमिकताओं के लिए ठोस कार्ययोजना पर चर्चा की।
Top officials from across the country gather in Jaipur to simplify the tax system : आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्तों और प्रधान आयकर महानिदेशकों का दो दिवसीय कॉन्क्लेव मंगलवार, 18 अगस्त को जयपुर में संपन्न हो गया। देशभर से जुटे वरिष्ठ अधिकारियों ने विभाग की मौजूदा चुनौतियों, प्रशासनिक जरूरतों और आने वाले समय की प्राथमिकताओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
यह भी पढ़ें ; न्यू जर्सी में सजा भव्य तीज महोत्सव, सजे ऊंट और गूंजा ‘जय तीज माता’
कॉन्क्लेव की अध्यक्षता केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के अध्यक्ष रवि अग्रवाल ने की। बैठक में CBDT सदस्य पंकज कुमार मिश्रा, संजय बहादुर, प्रसेनजीत सिंह, जी. अपर्णा राव, पल्लवी अग्रवाल और सुनील कुमार सिंह के अलावा प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, प्रधान आयकर महानिदेशक, आयकर आयुक्त (प्रशासन) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में विभाग के कामकाज से जुड़े कई अहम विषयों को चर्चा के केंद्र में रखा गया। ई-एचआरएमएस, सेवा संबंधी मामले, मुकदमेबाजी, आरक्षण नीति, करदाता सेवाएं, टीडीएस प्रशासन, सिस्टम निदेशालय, क्षमता निर्माण, भविष्य की परियोजनाएं और अंतर-एजेंसी समन्वय जैसे मुद्दों पर अधिकारियों ने अपने विचार रखे।
आयकर विभाग के सामने मौजूद चुनौतियों के साथ-साथ भविष्य में कामकाज को और प्रभावी बनाने के तरीकों पर भी मंथन हुआ। अधिकारियों ने अपने-अपने अनुभव और सुझाव साझा किए, ताकि विभागीय प्रक्रियाओं में सुधार के साथ करदाताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
CBDT अध्यक्ष रवि अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खुले और संवादात्मक तरीके से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने बैठक से सामने आए सुझावों को केवल चर्चा तक सीमित न रखते हुए उन्हें ठोस कार्ययोजना में बदलने की जरूरत बताई। देशभर के आयकर कार्यालयों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और अन्य संसाधनों की जरूरतों पर भी विस्तार से विचार किया गया।
कॉन्क्लेव के दौरान CBDT के मीडिया सेल की ओर से तैयार की गई एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इससे विभाग की गतिविधियों और कार्यप्रणाली से जुड़े पहलुओं को सामने रखा गया।
इस आयोजन का संचालन CBDT अध्यक्ष रवि अग्रवाल के मार्गदर्शन और राजस्थान के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त सुमीत कुमार के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में आयकर आयुक्त (प्रशासन एवं TPS), जयपुर अनिल कुमार भारद्वाज, अपर आयकर आयुक्त (प्रशासन) गौतम सिंह चौधरी, आयकर उपायुक्त (मुख्यालय) सुरेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।
समापन सत्र में CBDT की सदस्य (TPS&R) जी. अपर्णा राव ने संबोधित किया। इसके बाद अनिल कुमार भारद्वाज ने CBDT अध्यक्ष, बोर्ड के सदस्यों, वरिष्ठ अधिकारियों और आयोजन से जुड़े सभी कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।
यह भी पढ़ें ; महात्मा गांधी अस्पताल में आज़ादी का जश्न, बेहतरीन काम करने वाले डॉक्टर और स्टाफ सम्मानित
कॉन्क्लेव का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि बैठक में सामने आए सुझावों को आगे की कार्ययोजना का हिस्सा बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य आयकर विभाग की प्रशासनिक क्षमता को मजबूत करने के साथ करदाता सेवाओं को अधिक सरल, प्रभावी और बेहतर बनाना है।



