जयपुर में हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस का आगाज
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर में राष्ट्रीय ‘इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस’ का उद्घाटन किया। उन्होंने सौंदर्य और सैलून उद्योग में प्राकृतिक उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया। राज्यपाल ने आयुर्वेद, भारतीय परंपराओं और ‘मेक इन इंडिया’ के जरिए इस क्षेत्र में नए अवसर तलाशने की बात कही।
- इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस का जयपुर में हुआ उद्घाटन।
- राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्राकृतिक उत्पादों के इस्तेमाल पर जोर दिया।
- आयुर्वेद और मेक इन इंडिया से युवाओं को जोड़ने का आह्वान।
Indian Hair and Beauty Conference Begins in Jaipur : सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को राष्ट्रीय ‘इंडियन हेयर एंड ब्यूटी कॉन्फ्रेंस’ की शुरुआत हुई। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए हेयर, ब्यूटी और सैलून उद्योग में युवाओं के लिए उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि सौंदर्य से जुड़े व्यवसाय में प्राकृतिक वस्तुओं का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘लोकल फॉर वोकल’ जैसी पहलों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को इस क्षेत्र से जोड़ने की बात कही।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में बढ़ी ठंडक, दिन का पारा भी गिरा
उन्होंने कहा कि भारत में सौंदर्य और केश प्रसाधन की परंपरा नई नहीं है। इसका संबंध लंबे समय से आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति से रहा है। ऐसे में आधुनिक सैलून और ब्यूटी उद्योग को भारतीय परंपराओं के साथ जोड़कर आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा सकता है।
बागडे ने भारत के सैलून बाजार का उल्लेख करते हुए कहा कि यह करीब 1.02 लाख करोड़ रुपये का क्षेत्र बन चुका है। उन्होंने भारतीय केश-विन्यास की परंपराओं को आधार बनाकर सैलून उद्योग में विकास की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने छोटे कारोबारियों और युवाओं के लिए सरकारी योजनाओं के बेहतर इस्तेमाल की जरूरत भी बताई। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और उद्यमिता प्रोत्साहन से जुड़ी योजनाओं के जरिए छोटे उद्यमियों को मिलने वाले लाभों पर काम करने की बात कही।
यह भी पढ़ें : रेनेगेड्स से जुड़े माइकल ब्रेसवेल
उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य प्रसाधनों का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय परिवारों में लंबे समय से त्वचा और बालों की देखभाल के लिए एलोवेरा, शहद और हल्दी जैसी प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल होता रहा है। आयुर्वेद में भी शरीर के बाहरी और आंतरिक स्वास्थ्य एवं सौंदर्य के लिए पेड़-पौधों के अर्क और अन्य प्राकृतिक सामग्री से तैयार कई उत्पादों का उल्लेख मिलता है।
राज्यपाल ने हेयर एंड ब्यूटी उद्योग को भारतीय दृष्टिकोण और आयुर्वेद से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उनका कहना था कि परंपरागत ज्ञान और आधुनिक व्यवसाय के मेल से इस क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।



