जयपुर निगम चुनाव: BJP आगे

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में मतगणना भवानी निकेतन परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। शुरुआती नतीजों में भाजपा ने 11 वार्ड जीतकर बढ़त बनाई है, जबकि कांग्रेस को 6 सीटें मिली हैं। एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। दोपहर तक सभी वार्डों की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

  • जयपुर नगर निगम चुनाव: 150 वार्डों में मतगणना जारी
  • BJP: शुरुआती नतीजों में 11 वार्डों पर जीत
  • कांग्रेस: अब तक 6 वार्डों में विजयी, निर्दलीय को 1 सीट

Jaipur Civic Polls: BJP Takes Early Lead: जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 के नतीजों को लेकर तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है। सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर के फार्मेसी कॉलेज में सुबह से वोटों की गिनती चल रही है। शुरुआती परिणामों में भाजपा ने बढ़त बना ली है। पार्टी के 11 प्रत्याशी अब तक विजयी घोषित हो चुके हैं, जबकि कांग्रेस के 6 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। एक वार्ड निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गया है।

मतगणना के लिए कॉलेज परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन शाखा ने 15 कक्षों में कुल 150 टेबल लगाए हैं, जहां ईवीएम से वोटों की गिनती की जा रही है। ईवीएम की गणना शुरू होने से पहले डाक मतपत्रों की प्रक्रिया पूरी की गई।

अब तक घोषित परिणामों में निर्दलीय प्रत्याशी मोहनलाल कुमावत ने वार्ड 1 से जीत दर्ज की है। भाजपा की ओर से वार्ड 11 में शैलेन्द्र शर्मा, वार्ड 31 में विजय अग्रवाल, वार्ड 41 में दया सिंह, वार्ड 43 में शैलेन्द्र भार्गव और वार्ड 81 में ब्रह्म कुमार विजयी घोषित हुए हैं।

भाजपा को वार्ड 101 में भी जीत मिली है, जहां रविशंकर ने कांग्रेस प्रत्याशी दुर्गेश को 76 वोटों से हराया। इसके अलावा वार्ड 111 से संजय जायसवाल, वार्ड 122 से घनश्याम, वार्ड 123 से पूनम मेहता और वार्ड 141 से सतीश शर्मा ने जीत हासिल की है।

कांग्रेस के घोषित विजेताओं में वार्ड 21 से राकेश लाटा, वार्ड 32 से सीमा शर्मा, वार्ड 51 से मनमोहन गुर्जर, वार्ड 61 से सुरेश मीना, वार्ड 71 से फाईस हसन और वार्ड 91 से सीताराम मेहरा शामिल हैं। वार्ड 51 में मनमोहन गुर्जर ने भाजपा के महेंद्र छीपा को 1,686 वोटों के अंतर से हराया। वहीं, वार्ड 91 में सीताराम मेहरा ने भाजपा के विनोद यादव को शिकस्त दी।

यह भी पढ़ें:ट्रंप के बयान से ब्रिटेन में हलचल

इस चुनाव में कुल 723 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। फिलहाल मतगणना आगे बढ़ने के साथ ही राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की नजर बाकी वार्डों के परिणामों पर टिकी है। दोपहर तक सभी 150 वार्डों के नतीजे सामने आने की उम्मीद है।

जयपुर नगर निगम के राजनीतिक इतिहास पर नजर डालें तो 2020 में बने हैरिटेज निगम में कांग्रेस ने निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से बोर्ड बनाया था। इसके अलावा निगम की सत्ता पर ज्यादातर मौकों पर भाजपा का कब्जा रहा है। ऐसे में इस बार के नतीजे यह तय करेंगे कि जयपुर नगर निगम की कमान किस दल के हाथ में जाती है।

Related Articles

Back to top button