निगम चुनाव : कहीं नामांकन निरस्त, तो कहीं बिना लड़े ही पस्त! जानें किन वार्डों में बिगड़े समीकरण

जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 में नामांकन जांच के बाद कई वार्डों की तस्वीर बदल गई है। वार्ड 111 से कांग्रेस प्रत्याशी ज्वाला प्रसाद का नामांकन आपराधिक मामले के चलते रद्द हुआ। वार्ड 146 में भाजपा प्रत्याशी के फॉर्म नहीं भरने से कांग्रेस उम्मीदवार के सामने पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी नहीं है। वहीं वार्ड 98 में भाजपा कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण का विरोध किया।

  • जयपुर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज।
  • वार्ड 146 में भाजपा उम्मीदवार ने नामांकन नहीं भरा।
  • वार्ड 98 में भाजपा कार्यकर्ताओं ने टिकट के खिलाफ प्रदर्शन किया।

Jaipur Civic Polls See Major Twists : नगर निगम चुनाव 2026 में नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के साथ ही कई वार्डों में चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। कहीं प्रत्याशी का नामांकन रद्द हुआ है तो कहीं प्रमुख राजनीतिक दल का उम्मीदवार ही मैदान में नहीं उतर पाया। इसी बीच भाजपा में टिकट वितरण को लेकर कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी खुलकर सामने आई है।

सबसे ज्यादा चर्चा वार्ड 146 की है। भाजपा की सूची में यहां अफसाना को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया गया था, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय में नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते वार्ड में भाजपा का कोई अधिकृत प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं है। कांग्रेस ने यहां अफरोज को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा प्रत्याशी के फॉर्म नहीं भरने से इस वार्ड में मुकाबले की तस्वीर काफी बदल गई है।

यह भी पढ़ें ; BSNL में तीज का रंग, महिलाओं ने बिखेरा उत्सव का उल्लास

अब राजनीतिक नजरें इस बात पर हैं कि भाजपा वार्ड 146 में किसी अन्य उम्मीदवार के समर्थन में आगे आती है या पार्टी की ओर से कोई अलग रणनीति अपनाई जाती है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस वार्ड का चुनाव विशेष रूप से चर्चा में आ गया है।

वार्ड 111 में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन खारिज

वार्ड 111 से कांग्रेस प्रत्याशी ज्वाला प्रसाद को नामांकन जांच के बाद बड़ा झटका लगा। स्क्रूटनी के दौरान उनके खिलाफ चल रहे एक आपराधिक मामले की जानकारी सामने आई। मामले में पांच साल से अधिक की सजा का प्रावधान बताया गया है और अदालत इस मामले में संज्ञान ले चुकी है। रिकॉर्ड के अनुसार 29 अगस्त 2024 को आरोप भी तय किए जा चुके हैं।

इन्हीं तथ्यों के आधार पर रिटर्निंग अधिकारी ने ज्वाला प्रसाद का नामांकन निरस्त कर दिया। नामांकन खारिज होने के बाद वार्ड 111 में कांग्रेस के चुनावी समीकरण प्रभावित हुए हैं।

वार्ड 98 में भाजपा के खिलाफ कार्यकर्ताओं की नाराजगी

उधर, सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 98 में भाजपा के अंदर टिकट को लेकर असंतोष सामने आया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए सुभाष सिंघी को टिकट दिए जाने का विरोध किया।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि वार्ड में लंबे समय से सक्रिय नेताओं और कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया, जिसे वे क्षेत्रीय संगठनात्मक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय नहीं मानते। कार्यकर्ताओं ने इसे बाहरी या ‘पैराशूट’ उम्मीदवार को टिकट देने का फैसला बताते हुए पार्टी नेतृत्व से निर्णय पर दोबारा विचार करने की मांग की।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान के युवा कलेक्टर्स संग मुख्य सचिव की हाई-लेवल बैठक

कार्यकर्ताओं के मुताबिक टिकट चयन प्रक्रिया के तहत बनाए गए पैनल में तीन दावेदारों के नाम शामिल थे और सभी से पार्टी की प्रक्रिया के अनुसार आवेदन भी लिए गए थे। इसके बावजूद पैनल में शामिल किसी दावेदार को टिकट नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ी और मामला प्रदर्शन तक पहुंच गया।

नामांकन जांच के बाद सामने आए इन घटनाक्रमों ने जयपुर नगर निगम चुनाव में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें आगामी चुनावी गतिविधियों और पार्टियों की अगली रणनीति पर रहेंगी।

Related Articles

Back to top button