जयपुर में CNG-PNG फिर महंगी, त्योहार से पहले झटका
त्योहारों से पहले जयपुर में घरेलू रसोई गैस और वाहनों के ईंधन का खर्च बढ़ गया है। टोरेंट गैस ने PNG और CNG की कीमतों में 2 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरें आज रात 12 बजे से लागू होंगी। इससे शहर के करीब 50 हजार PNG उपभोक्ताओं और CNG इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
- CNG के दाम 2 रुपए बढ़कर 99.50 रुपए प्रति किलो हुए।
- PNG की कीमत 2 रुपए बढ़कर 53.50 रुपए प्रति SCM पहुंची।
- जयपुर में CNG-PNG महंगी होने से त्योहार से पहले घरेलू और वाहन खर्च बढ़ेगा।
Jaipur CNG-PNG Prices Hiked: जयपुर में त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। टोरेंट गैस ने शहर में सप्लाई होने वाली CNG और PNG के दाम बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें आज रात 12 बजे से लागू होंगी।
सबसे ज्यादा असर उन परिवारों पर पड़ेगा, जिनके घरों में पाइप लाइन के जरिए PNG की सप्लाई होती है। नई दर सूची के मुताबिक घरेलू PNG की कीमत में 2 रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की बढ़ोतरी की गई है। टैक्स समेत अब उपभोक्ताओं को PNG के लिए 53.50 रुपए प्रति SCM चुकाने होंगे, जबकि अभी यह दर 51.50 रुपए है।
जयपुर में करीब 50 हजार घरों तक पाइप लाइन के जरिए नेचुरल गैस पहुंच रही है। ऐसे में नई कीमत लागू होने के बाद इन परिवारों के मासिक गैस खर्च में बढ़ोतरी होना तय है। खासकर त्योहारों के दौरान जब घरों में खाना पकाने और घरेलू गैस की खपत बढ़ती है, तब इसका असर ज्यादा महसूस हो सकता है।
यह भी पढ़ें:EC मार्च पर अड़ा विपक्ष, राहुल-प्रियंका धरने पर बैठे
उधर, CNG वाहन चलाने वालों की जेब पर भी अतिरिक्त भार पड़ेगा। शहर में CNG की मौजूदा कीमत 97.50 रुपए प्रति किलो है, जो अब बढ़कर 99.50 रुपए प्रति किलो हो जाएगी। यानी CNG इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को हर किलो गैस पर 2 रुपए ज्यादा खर्च करने होंगे।
गैस की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब लोग त्योहारों की खरीदारी और अन्य खर्चों की तैयारी कर रहे हैं। इससे घरेलू बजट के साथ-साथ रोजाना वाहन चलाने वालों के परिवहन खर्च पर भी असर पड़ सकता है।
गौर करने वाली बात यह है कि टोरेंट गैस ने इससे पहले मई में भी PNG की कीमत में करीब 2 रुपए की बढ़ोतरी की थी। कुछ महीनों के अंतराल में दोबारा दाम बढ़ने से उपभोक्ताओं के बीच खर्च बढ़ने की चिंता और गहरा सकती है।



