जयपुर में कल मतगणना, बिना पास एंट्री बंद

जयपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के मतदान के बाद सोमवार 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी स्थित केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी रहेगी और अधिकृत प्रवेश-पत्र के बिना किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

  • जयपुर मतगणना 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से होगी।
  • भवानी निकेतन कॉलेज में 150 वार्डों की गिनती होगी।
  • मतगणना केंद्र पर बिना प्रवेश-पत्र और मोबाइल की अनुमति नहीं होगी।

Vote counting in Jaipur tomorrow, entry barred without a pass : नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत जयपुर जिले में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजरें मतगणना पर टिक गई हैं। सोमवार, 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से जिले के अलग-अलग केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू होगी। प्रशासन ने इसके लिए सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने की तैयारी कर ली है।

यह भी पढ़ें ; गणपति और हिन्दी पर देवनानी का खास संदेश

जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक ने रविवार को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सीकर रोड स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना के दौरान प्रत्याशियों, चुनाव कार्मिकों और काउंटिंग एजेंटों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा, भोजन और साफ-सफाई सहित सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए डाले गए मतों की गिनती भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में होगी। इसके अलावा जिले की अन्य नगर परिषदों और नगरपालिकाओं के लिए अलग-अलग मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

कानोता की मतगणना महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कानोता, वाटिका की पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक केंद्र वाटिका, जमवारामगढ़ की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जमवारामगढ़ और मनोहरपुर की पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मनोहरपुर में होगी। शाहपुरा में श्री कल्याण सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, फागी में पंचायत समिति कार्यालय, दूदू में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और सांभर में राजकीय शाकम्भर स्नातकोत्तर महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया है।

इसी तरह चाकसू में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कालाडेरा और चौमूं की मतगणना राजकीय कन्या महाविद्यालय चौमूं में होगी। बस्सी के लिए कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी, नरायना के लिए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जोबनेर के लिए श्री कर्ण नरेन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और किशनगढ़-रेनवाल के लिए संबंधित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतगणना होगी। बगरू में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय और फुलेरा में नगर पालिका कार्यालय को मतगणना केंद्र बनाया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि सभी मतगणना केंद्रों पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकृत प्रवेश-पत्र के बिना किसी व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाना भी प्रतिबंधित रहेगा।

यह भी पढ़ें ; 17 सितंबर से भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, जनभागीदारी पर जोर

निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, तहसीलदार निर्वाचन कुलदीप सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अब मतगणना के साथ ही निकाय चुनाव में किसके पक्ष में जनता का फैसला आया, इसका तस्वीर साफ होने लगेगी।

Related Articles

Back to top button