जयपुर में विकास कार्यों को रफ्तार, सिविल लाइंस ROB के नीचे बनेगा स्पोर्ट्स एरिना

जयपुर विकास प्राधिकरण की पीडब्ल्यूसी बैठक में शहर की कई अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। गोपालपुरा अंडरपास निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, फुटपाथ विकास और विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग जैसे कार्यों पर निर्णय हुए। सिविल लाइंस आरओबी के नीचे 4.25 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स एरिना विकसित होगा। इन परियोजनाओं से यातायात, सड़क सुरक्षा और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना है।

  • जयपुर विकास कार्य: गोपालपुरा अंडरपास के लिए 47.87 करोड़ रुपये की स्वीकृति।
  • स्पोर्ट्स एरिना: सिविल लाइंस आरओबी के नीचे 4.25 करोड़ रुपये से होगा विकास।
  • सड़क चौड़ीकरण: कालवाड़ रोड, प्रिंस रोड और अन्य प्रमुख मार्गों के सुधार की योजनाएं आगे बढ़ेंगी।

Jaipur Development Projects Approved : राजधानी में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने कई विकास परियोजनाओं पर कदम बढ़ाए हैं। जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित पीडब्ल्यूसी की 11वीं बैठक में सड़क विकास, सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और अन्य शहरी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में गोपालपुरा अंडरपास के निर्माण के लिए 47.87 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई। यह अंडरपास त्रिवेणी आरओबी की ओर से भास्कर पुलिया तक बनाया जाएगा। इसके बनने से संबंधित क्षेत्र में यातायात सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

आरओबी के नीचे बनेगा स्पोर्ट्स एरिना
शहर में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए सिविल लाइंस आरओबी के नीचे 4.25 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स एरिना विकसित किया जाएगा। वहीं, गांधीपथ पर फुटपाथ निर्माण के लिए 6.94 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इन कार्यों का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों का बेहतर उपयोग और पैदल चलने वालों की सुविधा बढ़ाना है।
जोन-9 की प्रमुख सड़कों पर सड़क सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं के विकास और उन्नयन के लिए करीब 3.56 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

यह भी पढ़े : सिटी पैलेस में सजे सम्मान के सितारे, 25 श्रेणियों में दिए गए सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026

कालवाड़ रोड से प्रिंस रोड तक सुधरेंगे रास्ते
जेडीए की बैठक में कई प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और नवीनीकरण से जुड़े प्रस्ताव भी रखे गए। सी-जोन बाईपास से विनायक होटल तक कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण एवं सुधार के लिए लगभग 42.39 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल रहा।
इसके अलावा 200 फीट बाईपास से खातीपुरा आरओबी तक रेलवे लाइन के साथ खिरणी आरओबी तक सड़क नवीनीकरण के लिए 6.83 करोड़ रुपये और वैशाली नगर की प्रिंस रोड पर नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण तथा नवीनीकरण के लिए 6.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा हुई। मानसरोवर के विक्रमादित्य मार्ग पर विकास कार्यों के लिए 8.42 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर भी निर्णय
सड़क चौड़ीकरण के दौरान आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए विद्युत लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों की शिफ्टिंग भी एजेंडे में शामिल रही। जेडीए क्षेत्र की सेक्टर सड़कों और अन्य स्थानों पर उच्च एवं निम्न दाब विद्युत लाइनों को हटाने या स्थानांतरित करने के लिए वार्षिक दर अनुबंध के तहत 6.64 करोड़ रुपये की स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव रखा गया।
जोन-9 में गोनेर-जगतपुरा पुलिया से खातीपुरा रेलवे स्टेशन तक 100 फीट सेक्टर रोड और एनआरआई सर्किल से वीआईटी रोड होते हुए दांतली रोड तक 160 फीट सेक्टर रोड के चौड़ीकरण में बाधा बन रही विद्युत केबल, स्ट्रीट लाइट संबंधी यूटिलिटी और ट्रांसफॉर्मरों की शिफ्टिंग व डिस्मेंटलिंग के लिए 10.68 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई।

यह भी पढ़े : सिटी पैलेस में सजे सम्मान के सितारे, 25 श्रेणियों में दिए गए सवाई जयपुर अवॉर्ड्स 2026

इसके साथ ही जेडीए भवन की अग्निशमन और फायर अलार्म प्रणाली के नवीनीकरण के लिए लगभग 2.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। बैठक में जेडीए सचिव डॉ. गौरव सैनी, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक वित्त सुरेश वर्मा, निदेशक अभियांत्रिकी देवेंद्र गुप्ता, अजय गर्ग और संजीव जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button