पूर्व सैनिकों के लिए राजस्थान सरकार के बड़े कदम, रोजगार से लेकर कोचिंग तक मिल रही मदद
जयपुर में डिस्ट्रिक्ट एक्स सर्विस लीग के गोल्डन जुबली समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पूर्व सैनिकों के योगदान को राष्ट्र की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद भी अपने अनुशासन, अनुभव और नेतृत्व से समाज को मजबूत बनाते हैं। राजस्थान में पूर्व सैनिकों को रोजगार, कानूनी सहायता, पेंशन लाभ और उनके बच्चों को कोचिंग के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।
- जयपुर डिस्ट्रिक्ट एक्स सर्विस लीग के गोल्डन जुबली समारोह में पूर्व सैनिकों का सम्मान।
- राजस्थान में 13 हजार से अधिक पूर्व सैनिकों को रोजगार मिलने का उल्लेख।
- पूर्व सैनिकों के बच्चों की कोचिंग सहायता राशि 15 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये की गई।
Jaipur Ex-Servicemen League Celebrates Golden Jubilee: देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक सेवानिवृत्ति के बाद भी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उनके अनुभव, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता से समाज को नई दिशा मिलती है। यह बात राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने रविवार को जयपुर में जिला पूर्व सैनिक संघ की ओर से आयोजित ‘जयपुर डिस्ट्रिक्ट एक्स सर्विसेज लीग’ के गोल्डन जुबली समारोह में कही।
राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों का सम्मान और उनका कल्याण भारतीय परंपरा और संस्कृति का हिस्सा है। सैनिकों के साथ उनके परिवारों और आश्रितों की देखभाल भी प्राथमिकता होनी चाहिए, क्योंकि सीमा पर तैनात जवान के लिए उसका परिवार सबसे बड़ा संबल होता है।
यह भी पढे : राजस्थानी फिल्म ‘माँ’ का आगाज, राज्यपाल बागडे ने किया शुभारंभ
उन्होंने बताया कि राजस्थान में एक्स सर्विसमैन कॉरपोरेशन के माध्यम से 13 हजार से अधिक पूर्व सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। वहीं, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को समय पर कानूनी सहायता देने के लिए राज्य के सभी जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों में विधिक सहायता क्लीनिक स्थापित करने की पहल की गई है।
पूर्व सैनिकों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए कोचिंग सहायता राशि 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई है। राज्य में पिछले कुछ समय के दौरान 14 हजार से अधिक वीरांगनाओं के सम्मान की पहल का भी उल्लेख किया गया।
यह भी पढे : शेखावाटी की बदलेगी तस्वीर, विरासत से विकास तक बड़ा प्लान
राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार की वन रैंक वन पेंशन योजना ने पूर्व सैनिकों के अधिकारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने स्मार्ट कैंटीन कार्ड, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, डीजीआर सेवाओं की ऑनलाइन सुविधा और पेंशन प्रबंधन के लिए स्पर्श पोर्टल जैसे प्रयासों को भी उपयोगी बताया।
बागडे ने पूर्व सैनिकों से युवाओं का मार्गदर्शन करने और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग जैसी सामाजिक चुनौतियों से निपटने में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सैनिक का अनुशासन और देशसेवा का जज्बा सेवानिवृत्ति के बाद भी बना रहता है। समारोह में संगठन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।



