नागपुर में जयपुर फुट का बड़ा सेवा शिविर, 3238 दिव्यांग लाभान्वित
नागपुर में आयोजित चार दिवसीय विशेष शिविर में 3238 दिव्यांगों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें 147 लोगों को जयपुर फुट देकर चलने-फिरने में सक्षम बनाया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की सेवाओं की सराहना करते हुए दिव्यांगों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को सराहनीय बताया।
- जयपुर फुट शिविर में 147 दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम पैर मिले।
- 3238 दिव्यांग विशेष शिविर से लाभान्वित हुए।
- दिव्यांग पुनर्वास के प्रयासों की CM देवेंद्र फडणवीस ने सराहना की।
Major Jaipur Foot service camp in Nagpur : राजस्थान की पहचान बन चुके जयपुर फुट की सेवा अब महाराष्ट्र के नागपुर में भी दिव्यांगों के लिए सहारा बनी। नागपुर में आयोजित चार दिवसीय विशेष शिविर में कुल 3238 दिव्यांगों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें 147 लोगों को निःशुल्क जयपुर फुट दिया गया, जिससे वे फिर से अपने पैरों पर चलने-फिरने में सक्षम हो सकें।
यह भी पढ़ें ; हेल्पलाइन 181 पर ACS माइंस की सीधी सुनवाई, शिकायतों के निस्तारण पर जोर
शिविर के समापन समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बीएमवीएसएस) के दिव्यांग कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संस्था लगातार जो प्रयास कर रही है, वे सराहनीय हैं।
यह विशेष शिविर नागपुर नगर महापालिका और टाटा ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया गया। आयोजन की जिम्मेदारी बीएमवीएसएस की नई दिल्ली शाखा ने संभाली। शाखा के चेयरमैन प्रेमेन्द्र राज मेहता के नेतृत्व में आयोजित शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगों को सभी उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।
जयपुर फुट के अलावा शिविर में कैलीपर्स, बैसाखी, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, वॉकर, श्रवण यंत्र और छड़ी सहित कई उपयोगी उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों का उद्देश्य दिव्यांगजनों की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाना और उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना रहा।
यह भी पढ़ें ; ‘माय भारत’ पोर्टल पर राजस्थान का दबदबा : युवाओं को दिल्ली के बड़े मंच पर विचार साझा करने का सुनहरा मौका
शिविर के सफल आयोजन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीएमवीएसएस की नई दिल्ली शाखा के चेयरमैन प्रेमेन्द्र राज मेहता और अन्नामृत संस्था के श्याम सुंदर शर्मा को सम्मानित किया। इस अवसर पर नागपुर की महापौर नीता ठाकरे, महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और आशीष जायसवाल, विधायक कृपाल तुमाने, उपमहापौर लीला हाथीबेड सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर का आयोजन टाटा ट्रस्ट के सौजन्य से नागपुर महापालिका, जिला परिषद और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के सहयोग से किया गया। प्रेमेन्द्र राज मेहता ने शिविर के आयोजन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से मिले सहयोग के लिए उनका आभार जताया। शिविर का संचालन सुबोध भंडारी ने किया।
बीएमवीएसएस की नागपुर में यह पहल पहली बार नहीं थी। करीब सात वर्ष पहले भी जयपुर फुट यूएसए के चेयरमैन प्रेम भंडारी के प्रयासों से यहां शिविर लगाया गया था। उस शिविर के जरिए करीब 600 दिव्यांगों का पुनर्वास किया गया था। उस अवसर पर बीएमवीएसएस के संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक डी.आर. मेहता को भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सम्मानित किया था।
यह भी पढ़ें ; अब योजनाओं की होगी तेज रफ्तार
नागपुर के इस शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सही समय पर उपलब्ध कराया गया सहायक उपकरण किसी दिव्यांग व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। जयपुर फुट के जरिए जरूरतमंदों को गतिशीलता देने के साथ संस्था की ओर से अन्य उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने में भी सहयोग दिया गया।



