जयपुर को मिलेगी नई रफ्तार : 575 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स से बदलेगी गुलाबी नगरी की तस्वीर

जयपुर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए जेडीए की पीडब्ल्यूसी बैठक में 575 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी दी गई। इनमें एलिवेटेड रोड, एमआईसीई सेंटर, फूड एरिना, ड्रेनेज, फुटपाथ, सेक्टर रोड और शिप्रा पथ के समग्र विकास से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिनसे यातायात और बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।

  • त्रिवेणी नगर आरओबी से गुर्जर की थड़ी तक 250.85 करोड़ की लागत से बनेगा नया एलिवेटेड रोड।
  • बेनाड़ रोड, मुरलीपुरा, कालवाड़ रोड और झोटवाड़ा में 230 करोड़ रुपये से अधिक के ड्रेनेज कार्य स्वीकृत।
  • रामनिवास बाग में फूड एरिना, विद्याधर नगर में MICE सेंटर और मानसरोवर शिप्रा पथ का होलिस्टिक डेवलपमेंट।

Jaipur Gets 575 Crore Development Push : जयपुर शहर के सड़क, यातायात और जल निकासी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। जेडीए की पीडब्ल्यूसी की 10वीं बैठक में 575 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

यह भी पढ़ें ; केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय आंध्र प्रदेश: उच्च शिक्षा, अनुसंधान और जनजातीय कल्याण का उभरता केंद्र

जेडीए विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में सोमवार को मंथन सभागार में हुई बैठक में शहर की जरूरतों से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इनमें प्रमुख मार्गों का विकास, ड्रेनेज सिस्टम, पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने से संबंधित कार्य शामिल हैं।

जयपुर को मिलेगी नई रफ्तार : 575 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स से बदलेगी गुलाबी नगरी की तस्वीर
Image Source : Via Dainik Jaltedeep

बैठक में कालवाड़ रोड पर एनएच बाईपास से बांडी नदी तक तथा निवाई रोड के जोन-12 क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेन के निर्माण के लिए 176.22 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इसके अलावा बेनाड़ रोड, मुरलीपुरा, झोटवाड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, निवाई रोड और आसपास के इलाकों में ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने के लिए 58.36 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।

शहर के प्रमुख यातायात मार्गों में सुधार के लिए गोपालपुरा बाईपास पर त्रिवेणी नगर आरओबी से गुर्जर की थड़ी के पास तक एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इसके लिए 250.85 करोड़ रुपये की संशोधित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। यह परियोजना क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

वहीं, विद्याधर नगर जोन-बी1 में एमआईसीई (Meetings, Incentives, Conferences and Exhibitions) सेंटर के निर्माण के लिए 42.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। रामनिवास बाग में फूड एरिना के विकास, निर्माण, कंसल्टेंसी, संचालन और रखरखाव से जुड़े कार्यों के लिए ईपीसी मोड पर 6.37 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली।

जोन-सी2 में मानसरोवर के शिप्रा पथ के होलिस्टिक डेवलपमेंट के लिए 26.32 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इसी जोन में विभिन्न प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ निर्माण और विकास कार्यों के लिए 6.33 करोड़ रुपये तथा दुर्गापुरा रोड पर सी.के. बिरला के पास से त्रिवेणी नगर स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय तक सेक्टर रोड के निर्माण के लिए 8.53 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।

यह भी पढ़ें ; एशियाई खेलों में भारत के 39 पदक, 12वें स्थान पर

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन के अनुसार, इन परियोजनाओं से जयपुर में यातायात व्यवस्था, सड़क और ड्रेनेज आधारभूत ढांचे के साथ पैदल यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों के विकास को भी गति मिलेगी।

बैठक में जेडीए सचिव डॉ. गौरव सैनी, अतिरिक्त आयुक्त भूमि प्रतिभा पारीक, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक वित्त सुरेश वर्मा, निदेशक अभियांत्रिकी सर्व देवेंद्र गुप्ता, अजय गर्ग सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button