जयपुर में सजा फोटोग्राफी का महाकुंभ, छात्रों ने सीखी कैमरे की कला
जयपुर में राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत आयोजित ‘नजर’ फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन के पांचवें सीजन में विद्यार्थियों के लिए विशेष फोटोग्राफी सेशन हुआ। वर्ल्ड फोटोग्राफी डे के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने कैमरा तकनीक, फोटोग्राफी की बारीकियां और स्टार मिल्की वे फोटोग्राफी के गुर सीखे। प्रदर्शनी में 800 से अधिक तस्वीरें और पेंटिंग्स प्रदर्शित हैं।
- जयपुर में फोटोग्राफी का महाकुंभ, छात्रों के लिए खास सेशन।
- ‘नजर’ प्रदर्शनी में 800 से अधिक तस्वीरें और पेंटिंग्स।
- विद्यार्थियों ने फोटोग्राफी की तकनीक और मिल्की वे शूटिंग सीखी।
A grand photography extravaganza unfolds in Jaipur : राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत जयपुर में चल रही ‘नजर’ फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन में विद्यार्थियों के लिए खास फोटोग्राफी सेशन आयोजित किया गया। जवाहर कला केंद्र की सहभागिता से हो रहे इस आयोजन के पांचवें सीजन में वर्ल्ड फोटोग्राफी डे के अवसर पर छात्रों को कैमरे के पीछे की बारीकियों को समझने का मौका मिला।
सोनी कैमरा की ओर से आयोजित विशेष सत्र में फोटोग्राफर उमेश गोगना ने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की तकनीक, कैमरा इस्तेमाल और बेहतर तस्वीर खींचने से जुड़े जरूरी पहलुओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को स्टार मिल्की वे फोटोग्राफी पर आधारित वीडियो भी दिखाया गया, जिससे उन्हें रात के आसमान और तारों की तस्वीरें लेने की तकनीक समझने में मदद मिली।
यह भी पढ़ें ; महिलाओं की आजादी पर अब बात जरूरी : राहुल गांधी
सेशन में पूर्णिमा यूनिवर्सिटी, आर्च कॉलेज ऑफ डिजाइन, हाइट्स इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड टेक्नोलॉजी, एलन कॉलेज ऑफ डिजाइन, रेड स्केच डिजाइन और मालवीय कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। छात्रों के लिए यह सत्र केवल तकनीकी जानकारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्हें फोटोग्राफी को एक रचनात्मक माध्यम के रूप में समझने का अवसर भी मिला।
प्रदर्शनी परिसर में रंगों से सजी पुरानी विंटेज कार भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। खास तौर पर सेल्फी प्वाइंट के रूप में तैयार की गई यह कार लोगों को अपनी ओर खींच रही है।
400 से ज्यादा फोटोग्राफर और कलाकार
‘नजर’ प्रदर्शनी इस बार बड़े स्तर पर आयोजित की गई है। इसमें देश-विदेश और राजस्थान के 400 से अधिक फोटोग्राफर एवं कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। प्रदर्शनी में 800 से ज्यादा तस्वीरों के साथ विभिन्न कलाकारों की पेंटिंग्स भी प्रदर्शित की गई हैं।
दूसरे दिन आईएएस नवीन जैन, मोहित टेलर, विनोद शास्त्री, प्रीति शर्मा, राम यादव, उमेश गोगना, काशवी जैन और ललित कुमावत सहित कई लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। तस्वीरों और पेंटिंग्स के जरिए अलग-अलग विषयों और नजरियों को एक ही मंच पर देखने का अवसर दर्शकों को मिल रहा है।
कला क्षेत्र की हस्तियों को सम्मान
‘नजर’ के तहत स्वर्गीय चंद्रशेखर कुमावत की स्मृति में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड भी प्रदान किए गए। पेंटिंग के क्षेत्र में विनय शर्मा, प्रोफेशनल फोटोग्राफी में दिल्ली के चित्रांगद कुमार और जयपुर की दुर्गेश नंदनी तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में रामजी व्यास को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गलता से स्वामी अवधेशाचार्य, राघवेंद्राचार्य, राघव गोयल, राजदीप शर्मा, मनाली गोयल, रेणुका कुमावत, अदिति अग्रवाल और डोली अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें ; जयपुर में संदिग्ध मूंगफली तेल सीज, ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई
प्रदर्शनी की संरक्षक रेणुका कुमावत ने कहा कि देश-दुनिया की खूबसूरत तस्वीरों और पेंटिंग्स को देखकर विद्यार्थी खासे उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि ‘नजर’ ऐसा मंच है, जहां फोटोग्राफी और पेंटिंग से जुड़े कलाकारों को एक साथ लाकर उनकी कला आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



