सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर मंथन, जयपुर में हुई अहम समन्वय बैठक

जयपुर में आयोजित अंतर माध्यम प्रचार समन्वय समिति (आईएमपीसीसी) की बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार, बेहतर संचार रणनीति और आपसी समन्वय को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान आगामी गतिविधियों की रूपरेखा भी साझा की गई और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधों का वितरण किया गया।

  • समन्वय बैठक में सरकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर हुआ मंथन।
  • जयपुर में केंद्र और राज्य सरकार के विभागों ने साझा की संचार रणनीति।
  • सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया गया विशेष जोर।

Deliberations on expanding the reach of government schemes : राजधानी जयपुर में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अंतर माध्यम प्रचार समन्वय समिति (आईएमपीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित इस बैठक में विभिन्न केंद्रीय विभागों और राज्य सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

यह भी पढ़ें ; मानसरोवर में गूंजेंगे वैदिक मंत्र, अच्छी बारिश और आरोग्य के लिए होगा पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ

बैठक की अध्यक्षता पत्र सूचना कार्यालय जयपुर एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो के निदेशक अनुभव बैरवा ने की। उन्होंने कहा कि आईएमपीसीसी का प्रमुख उद्देश्य केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी माध्यमों से पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर मंथन, जयपुर में हुई अहम समन्वय बैठक
Image Source : Via PIB

उन्होंने एकीकृत मीडिया आउटरीच की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि विभिन्न संचार माध्यमों का समन्वित उपयोग योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। बैठक में शामिल सभी विभागों से आपसी सहयोग और नियमित सूचना साझाकरण बढ़ाने का आग्रह भी किया गया।

आकाशवाणी जयपुर के उपनिदेशक एवं समाचार प्रमुख रामनाथ मीणा ने विभिन्न विभागों से आग्रह किया कि वे अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों की नियमित जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें अधिक प्रभावी ढंग से प्रसारित किया जा सके। वहीं, पत्र सूचना कार्यालय जयपुर के उपनिदेशक धर्मेश भारती ने जून 2026 के दौरान विभाग द्वारा संचालित प्रमुख प्रचार गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक में क्षेत्रीय श्रम आयुक्त एल.आर. मीणा ने एक अप्रैल 2026 से लागू नई श्रम संहिताओं की जानकारी साझा की। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान सरकार के उपनिदेशक हेमंत सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जानकारी दी। दूरदर्शन जयपुर की समाचार संपादक जया गुप्ता ने भी विभाग की हालिया गतिविधियों और आगामी योजनाओं से अवगत कराया।

चर्चा के दौरान सभी प्रतिभागियों ने संचार व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। विभिन्न विभागों ने अपनी हालिया उपलब्धियों के साथ आगामी महीनों में प्रस्तावित आउटरीच कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की।

बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे, भारतीय मानक ब्यूरो, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, इग्नू, माय भारत, सीजीएचएस, मौसम केंद्र जयपुर, बुनकर सेवा केंद्र, आकाशवाणी, दूरदर्शन, श्रम विभाग और अन्य केंद्रीय एवं राज्य सरकारी संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें ; राजस्थान बन रहा निवेशकों की पहली पसंद, 267 करोड़ रूपये के 177 भूखण्ड होंगे आवंटित

बैठक के समापन पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सभी प्रतिभागियों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Related Articles

Back to top button