जयपुर में स्वच्छता अभियान 6.0 पर मंथन, विभागों के बीच समन्वय पर जोर
जयपुर में पत्र सूचना कार्यालय (PIB) की ओर से आयोजित अंतर माध्यम प्रचार समन्वय समिति की बैठक में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत जन-जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में सरकारी विभागों और मीडिया संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल, कार्यालयों में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और कचरे के चार श्रेणियों में पृथक्करण पर जोर दिया गया।
- स्वच्छता अभियान 6.0: जयपुर में जन-जागरूकता और विभागीय समन्वय को लेकर बैठक आयोजित।
- कचरा प्रबंधन पर जोर: गीले, सूखे, स्वच्छता और विशेष देखभाल वाले अपशिष्ट को अलग करने की जानकारी साझा की गई।
- PIB और मीडिया संस्थानों की भूमिका: आकाशवाणी, दूरदर्शन और अन्य विभागों के जरिए स्वच्छता संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा।
Jaipur Meeting Focuses on Swachhata Abhiyan 6.0 : केंद्र सरकार के विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 को प्रभावी बनाने और आम लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को जयपुर में अंतर माध्यम प्रचार समन्वय समिति (IMPCC) की बैठक आयोजित की गई। पत्र सूचना कार्यालय (PIB), सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से आयोजित इस बैठक में विभिन्न केंद्रीय विभागों और मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक की अध्यक्षता PIB जयपुर एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर के निदेशक अनुभव बैरवा ने की। इसमें 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत जन-जागरूकता बढ़ाने और विभिन्न मंत्रालयों के क्षेत्रीय कार्यालयों के बीच समन्वय मजबूत करने पर चर्चा हुई।
बैठक में अनुभव बैरवा ने कहा कि PIB, CBC, आकाशवाणी, दूरदर्शन और अन्य मीडिया माध्यमों के साझा प्रयासों से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सरकारी कार्यालयों में अपनाई जा रही अच्छी पहलों को भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
यह भी पढे : SBI जयपुर में OBC आरक्षण नीति पर कार्यशाला शुरू
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि कार्यसंस्कृति, सामाजिक जिम्मेदारी और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ ऐसी आदतों को प्रोत्साहित करना जरूरी है, जो नागरिकों के सामने अनुशासन और जिम्मेदार कार्यप्रणाली का उदाहरण पेश करें।
केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS), जयपुर के स्वच्छता नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश सिंह ने स्वच्छता और स्वास्थ्य के आपसी संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए साफ-सफाई और स्वस्थ जीवनशैली को जरूरी बताया।
वहीं, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के डॉ. पुनीत चतुर्वेदी ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का नियमित हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में डॉ. पुनीत चतुर्वेदी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के तहत कचरे के स्रोत पर चार श्रेणियों में पृथक्करण से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपशिष्ट को गीले कचरे, सूखे कचरे, स्वच्छता अपशिष्ट और विशेष देखभाल वाले अपशिष्ट में अलग-अलग करना आवश्यक है।
यह भी पढे : जयपुर में बुमराह के साथ L&T फाइनेंस का गोल्ड लोन कैंपेन लॉन्च
इस व्यवस्था का उद्देश्य कचरे के बेहतर प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। PIB जयपुर के उप निदेशक धर्मेश भारती ने कार्यालय में संचालित स्वच्छता गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने विभिन्न विभागों से अपनी स्वच्छता संबंधी पहलों की जानकारी PIB को उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके।
आकाशवाणी जयपुर के समाचार विभाग के सहायक निदेशक जितेंद्र द्विवेदी ने संकल्प ही सेवा अभियान की विशेष कवरेज और राजस्थान में निकाय एवं पंचायत चुनावों के मद्देनजर युवा मतदाताओं को जागरूक करने से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।



