जयपुर की बेटी पिया दांडिया ने अमेरिका में रचा इतिहास, बनीं सांसद

राजस्थान के जयपुर से जुड़ी पिया दांडिया ने अमेरिका के फ्लोरिडा में कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट-22 का चुनाव जीतकर भारतीय मूल के लोगों को नई पहचान दिलाई है। डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार पिया अमेरिकी प्रतिनिधि सभा पहुंचने वाली दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला बनी हैं। उनके माता-पिता जयपुर से अमेरिका गए थे। पिया की शिक्षा, सामाजिक कार्य और राजनीतिक सफर भी चर्चा में हैं।

  • जयपुर की बेटी पिया दांडिया ने फ्लोरिडा की 22वीं कांग्रेसनल सीट पर जीत दर्ज की।
  • दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला के रूप में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा पहुंचेंगी पिया।
  • समोसा कॉकस में भारतीय मूल के सांसदों की मौजूदगी बनी रहेगी।

Jaipur-Rooted Pia Dandiya Wins Florida Congressional Seat: पिया दांडिया का जन्म और पालन-पोषण अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के पाम बीच काउंटी में हुआ। उनके माता-पिता 1980 के दशक में राजस्थान की राजधानी जयपुर से अमेरिका पहुंचे थे। उनके पिता डॉ. रोहित दांडिया पेशे से डॉक्टर हैं, जबकि उनकी मां ने जुपिटर में मोंटेसरी स्कूल की स्थापना की थी।

पिया का बचपन भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं के बीच बीता। उनके माता-पिता उन्हें बचपन में भारत भेजते थे, ताकि वह अपने रिश्तेदारों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समय बिता सकें। पिया ने एक इंटरव्यू में बताया था कि भारत की इन यात्राओं ने उनकी सोच और पहचान को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हार्वर्ड से पढ़ाई, दिल्ली की बस्तियों में बच्चों को पढ़ाया

पिया ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से गवर्नमेंट विषय में स्नातक की पढ़ाई की और बोस्टन विश्वविद्यालय से शिक्षा में मास्टर डिग्री हासिल की। हार्वर्ड में पहले साल के बाद उन्होंने दिल्ली की झुग्गी-बस्तियों में बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाई। इस दौरान वह आशा कोऑपरेटिव सोसायटी से जुड़ीं और 7 से 17 वर्ष तक के बच्चों को पढ़ाया।

इसके बाद उन्होंने बोस्टन में ‘टीच फॉर अमेरिका’ कार्यक्रम के तहत अध्यापन किया। महज 28 साल की उम्र में वह न्यूयॉर्क के हार्लेम स्थित डेमोक्रेसी प्रेप एंड्योरेंस हाई स्कूल की संस्थापक प्रिंसिपल बनीं। उनके नेतृत्व में स्कूल के सभी स्नातक विद्यार्थियों को कॉलेज में प्रवेश मिला, जबकि लगभग 86 प्रतिशत विद्यार्थी कम आय वाले परिवारों से आते थे।

व्हाइट हाउस में भी कर चुकी हैं काम

पिया को वर्ष 2020 में व्हाइट हाउस फेलो चुना गया था। उन्होंने व्हाइट हाउस की घरेलू नीति परिषद और अमेरिकी शिक्षा विभाग में काम किया। इसके बाद उन्होंने एप्पल में सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़ी पहलों का नेतृत्व किया। इलिनॉय के गवर्नर जेबी प्रित्जकर ने उन्हें राज्य की पी-20 परिषद में भी नियुक्त किया था।

पहली बार चुनाव लड़ा और सीधे संसद पहुंचीं

पिया का यह पहला चुनाव था। शुरुआत में उन्होंने फ्लोरिडा की 21वीं कांग्रेसनल सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी की थी, लेकिन राज्य में परिसीमन के बाद 22वें डिस्ट्रिक्ट से मैदान में उतरने का फैसला किया। 18 अगस्त को डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राइमरी चुनाव जीतने के बाद उन्होंने आम चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी असकर को हराया।

उनके चुनाव प्रचार में महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, भ्रष्टाचार और बंदूक सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। चुनावी नतीजों के अनुसार, उन्हें करीब 51.9 प्रतिशत वोट मिले, जबकि असकर को लगभग 48.1 प्रतिशत मत प्राप्त हुए।

प्रमिला जयपाल ने दी बधाई

पिया की जीत पर भारतीय-अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में उनका स्वागत करने की बात कही। पिया की जीत के साथ भारतीय मूल के सांसदों के अनौपचारिक समूह ‘समोसा कॉकस’ में एक और नाम जुड़ गया है।

पिया अपने पति नवनीत अलग और बेटे साहिब के साथ पाम बीच गार्डन्स में रहती हैं। जयपुर से अमेरिका पहुंचे परिवार की अगली पीढ़ी की यह उपलब्धि अब राजस्थान में भी चर्चा का विषय बन गई है।

Related Articles

Back to top button