BRICS बैठक से पहले जयपुर में तैयारियों पर फोकस

जयपुर में 6 और 7 अगस्त को होने वाली ब्रिक्स उद्योग एवं व्यापार मंत्रियों की बैठकों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सुरक्षा, यातायात, स्वागत, चिकित्सा, प्रोटोकॉल और शहर के सौंदर्यीकरण समेत सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि अंतरराष्ट्रीय आयोजन का सफल और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

  • BRICS बैठक की तैयारियों की मुख्य सचिव ने समीक्षा की।
  • जयपुर में सुरक्षा, यातायात और स्वागत व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश।
  • BRICS बैठक से पहले शहर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर।

jaipur Speeds Up Preparations for BRICS Ministers’ Meet : जयपुर में 6 और 7 अगस्त को प्रस्तावित ब्रिक्स उद्योग एवं व्यापार मंत्रियों की बैठक को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया और सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि यह आयोजन राजस्थान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण अवसर है। बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया सहित ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल जयपुर पहुंचेंगे। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

यह भी पढ़ें : डॉ. अनुभा जैन को मिला फाल्कन मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड

उन्होंने गृह विभाग और पुलिस अधिकारियों को एयरपोर्ट, कार्यक्रम स्थल, होटल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक प्रतिनिधिमंडलों की निर्बाध आवाजाही के लिए प्रभावी मोटरकेड और ट्रैफिक मैनेजमेंट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

बैठक में शहर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, सड़क किनारे प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। जयपुर नगर निगम और जयपुर विकास प्राधिकरण को आयोजन से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों और स्थानों पर समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए कहा गया।

यह भी पढ़ें : मोटोरोला एज 70 मैक्स की एंट्री, 7100एमएएच बैटरी ने खींचा ध्यान

इसके अलावा प्रोटोकॉल, एयरपोर्ट रिसेप्शन, चिकित्सा सुविधाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भ्रमण योजना, ब्रांडिंग और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों से समन्वित तरीके से कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया।

समीक्षा बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग एवं वाणिज्य शिखर अग्रवाल, जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (इंटेलिजेंस) प्रफुल्ल कुमार, जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ महाजन, उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त नीलाभ सक्सेना, जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button