मोतीडूंगरी में सवा लाख मोदकों की झांकी, गणेशोत्सव की धूम
छोटी काशी जयपुर में गणेश चतुर्थी से पहले ही गणपति जन्मोत्सव की रौनक दिखाई देने लगी है। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में सवा लाख मोदकों से भव्य झांकी सजाई गई। वहीं शहर के अन्य प्रमुख गणेश मंदिरों में भी अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पूजा, अभिषेक, भोग, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
- मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में सवा लाख मोदकों की भव्य झांकी सजी।
- गणेश चतुर्थी से पहले जयपुर के मंदिरों में धार्मिक आयोजन शुरू।
- गणेश महोत्सव में अभिषेक, छप्पन भोग, लड्डू झांकी और भजन संध्या होगी।
Display of 1.25 lakh modaks at Moti Doongri : गणेश चतुर्थी के करीब आते ही छोटी काशी जयपुर में भगवान श्रीगणेश के जन्मोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में भक्तिमय माहौल नजर आने लगा है। इसी क्रम में मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में बुधवार को जन्मोत्सव के तीसरे दिन भगवान गणेश के लिए सवा लाख मोदकों की आकर्षक झांकी सजाई गई।

इस विशेष झांकी को तैयार करने में करीब 3 हजार किलो शुद्ध घी, 3 हजार किलो बेसन, 9 हजार किलो शक्कर और 1000 किलो सूखे मेवों का इस्तेमाल किया गया है। भगवान गणपति को माणक-पन्ना जड़ित विशेष मुकुट भी धारण कराया गया। शाम को मंदिर परिसर में सुगम संगीत और कथक नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रसाद वितरण किया जाएगा।
श्वेत सिद्धिविनायक मंदिर में छह दिवसीय आयोजन
सूरजपोल बाजार स्थित श्री श्वेत सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में छह दिवसीय गणेश महोत्सव की शुरुआत महिलाओं की कलश यात्रा के साथ हुई। यहां 10 सितंबर को महायज्ञ के साथ गणपति महाराज का गन्ने के रस से अभिषेक किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; चंबल में खनन माफियाओं की अब खैर नहीं! ड्रोन और AI कैमरों से होगी 24×7 निगरानी
11 सितंबर को हवन-यज्ञ और नववस्त्र श्रृंगार के बाद छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। 12 सितंबर को लड्डुओं की विशेष झांकी के दर्शन होंगे, जबकि 13 सितंबर को महिलाओं की ओर से सिंजारा महोत्सव मनाया जाएगा।
गणेश चतुर्थी के दिन 14 सितंबर को सुबह 5:15 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक पूजा और दुग्धाभिषेक होगा। इसके बाद पंचामृत अभिषेक और गणपति महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। पूर्णाहुति के बाद शाम को श्रृंगार झांकी और भक्ति संध्या होगी।
परकोटा गणेश मंदिर में 21 हजार लड्डुओं की झांकी
चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में तीन दिवसीय जन्मोत्सव कार्यक्रम 12 सितंबर से शुरू होगा। मंदिर परिसर को रोशनी, फूल-बंदरवाल और आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है।
मंदिर के महंत अमित शर्मा के अनुसार, 12 सितंबर को भगवान गणेश को 21 हजार लड्डुओं की भव्य झांकी अर्पित की जाएगी। अगले दिन 13 सितंबर को मेहंदी-सिंजारा उत्सव होगा। इस दौरान 111 किलो मेहंदी का वितरण किया जाएगा।
बंगाली बाबा आश्रम में महागणपति चतुर्थी महोत्सव
दिल्ली रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास श्री गणेश मंदिर बंगाली बाबा आश्रम में 13 और 14 सितंबर को श्री महागणपति चतुर्थी महोत्सव आयोजित होगा। 13 सितंबर को सुबह 10 बजे सिंदूर अर्पण और 11 बजे सिंजारा पर्व होगा।
यह भी पढ़ें ; ‘शब्द रसायन’ का पहला आयोजन, बोलीं कविता से राष्ट्र निर्माण की राह
14 सितंबर को दोपहर 1 बजे महाआरती के बाद शाम 6 बजे भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इस तरह गणेश चतुर्थी से पहले जयपुर के अलग-अलग गणेश मंदिरों में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया है और श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आ रहा है।



