निकाय चुनाव 2026 : संवेदनशील बूथों पर पैनी नज़र, निष्पक्ष मतदान के लिए जिला प्रशासन सख्त
जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अवैध हथियार, मादक पदार्थ और असामाजिक गतिविधियों पर रोक के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है।
- कलेक्टर की सख्त हिदायत : चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या असामाजिक तत्वों की दखलअंदाजी को कड़ाई से रोका जाएगा।
- संयुक्त चेकिंग अभियान : क्षेत्रीय परिवहन, पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख मार्गों पर नियमित वाहनों की जांच करेंगी।
- प्रशासनिक समन्वय : बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हनुमान प्रसाद मीणा सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे।
district administration strict on ensuring fair voting : नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे, इसके लिए संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें ; राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों की बदलेगी तस्वीर, रीको ने ग्रीन ज़ोन के लिए बनाया मास्टर प्लान
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सभी वार्डों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और संबंधित पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में चुनावी व्यवस्थाओं के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जयपुर जिले की एक नगर निगम, दो नगर परिषद और 19 नगरीय निकायों के कुल 690 वार्डों में होने वाले चुनाव को पूरी निष्पक्षता, निर्भीकता और स्वतंत्रता के साथ कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने मतदान केंद्रों का मौके पर निरीक्षण करने और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी जुटाने को कहा।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त 2026 को लोकसूचना जारी होगी, जबकि 31 अगस्त 2026 नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख निर्धारित है। मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में 9 सितंबर 2026 को नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में मतदान होगा। वहीं 11 सितंबर 2026 को नगर निगम के सभी वार्डों के पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान होगा। दोनों दिन मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
बैठक में संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल और प्रभावी निगरानी रखने पर जोर दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।
चुनाव के दौरान अवैध हथियार और मादक पदार्थों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस, परिवहन और आबकारी विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा गया है। अधिकारियों को अलग-अलग स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित कर वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें ; दार्जिलिंग के लिए ‘स्थायी समाधान’ पर अमित शाह की बैठक
इसके अलावा लाइसेंसी हथियार रखने वाले लोगों के शस्त्र जल्द संबंधित थानों में जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था की साप्ताहिक रिपोर्ट नियमित रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का फोकस अब चुनावी प्रक्रिया शुरू होने से पहले बूथ स्तर तक व्यवस्थाओं को मजबूत करने और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने पर है।



